तखतपुर(दिलीप तोलानी)फिल्म शोले में वीरू के टंकी पर चढ़ने वाला दृश्य तो लोगों को याद ही होगा, लेकिन बुधवार को तखतपुर में कुछ ऐसा ही नजारा आइडिया टावर पर देखने को मिला।

फर्क सिर्फ इतना था कि यहां टावर पर चढ़ी महिला की कोई मांग सामने नहीं आई। करीब 25 से 30 वर्ष की महिला सुबह अचानक नगर के बीच स्थित आइडिया टावर पर चढ़ने लगी और देखते ही देखते करीब 50 फीट की ऊंचाई पर पहुंच गई। कुछ देर बाद वह टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर जा पहुंची।

महिला को इतनी ऊंचाई पर देख आसपास के लोगों के कदम वहीं थम गए। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई।

हर किसी की नजर टावर की चोटी पर थी और कई लोग मोबाइल निकालकर पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड करने लगे। भीड़ बढ़ी तो सड़क पर यातायात भी प्रभावित हो गया और जाम जैसे हालात बन गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उम्मीद थी कि महिला समझाने पर नीचे उतर आएगी, लेकिन मामला उलटा पड़ गया। पुलिस के समझाने और नीचे आने के प्रयासों के बीच महिला और ऊपर चढ़ती चली गई और टावर के शीर्ष हिस्से तक पहुंच गई।

वहां वह काफी ऊंचाई पर खड़ी होकर अलग-अलग गतिविधियां करती नजर आई।

करीब 50 फीट की ऊंचाई पर महिला की मौजूदगी ने नीचे खड़े लोगों की चिंता बढ़ा दी। एक छोटी सी चूक भी गंभीर हादसे में बदल सकती थी। पुलिस लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटी रही, जबकि नीचे जमा भीड़ पूरे घटनाक्रम की गवाह बनी रही।

सबसे बड़ा सवाल यही रहा कि आखिर महिला इतनी ऊंचाई पर क्यों चढ़ी? क्या वह किसी बात को लेकर विरोध जता रही थी या फिर टावर पर चढ़ने के पीछे कोई और वजह थी? फिलहाल महिला की मंशा और उसके टावर पर चढ़ने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

यही वजह रही कि मौके पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी चलती रहीं।

घंटों चले इस हाईवोल्टेज घटनाक्रम ने पुलिस के सामने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की चुनौती खड़ी कर दी।

साथ ही यह सवाल भी सामने आया कि शहर के बीच मौजूद ऐसे ऊंचे टावर तक कोई व्यक्ति इतनी आसानी से कैसे पहुंच गया। फिलहाल पुलिस की कोशिश महिला को सुरक्षित नीचे उतारने पर केंद्रित रही।