बिलासपुर… हाथों में धारदार चाकू लेकर राह चलते लोगों को डराना-धमकाना और विरोध करने वालों में दहशत पैदा करना। जिले में सामने आए दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने ऐसे ही आरोपों पर तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। एक मामले में चाकू लहराकर लोगों को धमकाने के आरोप में एक युवक और एक विधि से संघर्षरत बालक पकड़े गए, जबकि दूसरे मामले में चाकू दिखाकर लोगों को डराने और मारने के लिए दौड़ाने की शिकायत पर एक युवक गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने धारदार हथियार जब्त किए हैं।

पहली कार्रवाई में चिंगराजपारा के सूर्या चौक के पास एक युवक के हाथ में चाकू होने और राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के मुताबिक, एक अन्य व्यक्ति भी उसका साथ दे रहा था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी की पहचान पप्पू यादव, निवासी लक्ष्मी चौक, चिंगराजपारा के रूप में हुई। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया। पुलिस ने पप्पू के कब्जे से करीब साढ़े नौ इंच लंबा स्टील का बटनदार धारदार चाकू जब्त किया है।

मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है। वयस्क आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की गई।

डराने और मारने के लिए दौड़ाने की शिकायत

दूसरी घटना में धौराभाठा निवासी संजय टंडन के खिलाफ चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने की शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के अनुसार, 26 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे गांव में एक व्यक्ति चाकू लेकर आने-जाने वालों को धमका रहा था। मामले की सूचना मिलने पर हिर्री पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तलाश और घेराबंदी के बाद संजय टंडन को पकड़ लिया। उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया।

मामले में अपराध के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

हथियार लेकर सार्वजनिक जगहों पर धमकाया

दोनों घटनाओं में चाकू का इस्तेमाल लोगों को डराने-धमकाने के लिए किए जाने की शिकायत सामने आई। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। पहली कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव और थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के मार्गदर्शन में की गई। दूसरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हिर्री निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में हुई।