LIVE UPDATE
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में वर्क फ्रॉम होम सिस्टम लागू करने फेडरेशन की मांग, ज्ञापन में लिखी यह महत्वपूर्ण बात…

रायपुर ।छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन द्वारा वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, युद्ध जैसे हालात एवं संभावित पेट्रोल-डीजल संकट को दृष्टिगत रखते हुए राज्य के शासकीय कार्यालयों में “वर्क-फ्रॉम-होम” कार्यप्रणाली लागू करने की मांग को लेकर  मुख्यमंत्री  एवं मुख्य सचिव  को ज्ञापन सौंपा गया।

फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण ईंधन संकट एवं मूल्य वृद्धि की आशंका लगातार बढ़ रही है। ऐसी स्थिति में ईंधन संरक्षण एवं संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। फेडरेशन ने कहा कि  प्रधानमंत्री  द्वारा भी ऊर्जा संरक्षण एवं अनावश्यक आवागमन कम करने पर विशेष बल दिया जा रहा है, जिसका स्वागत किया जाना चाहिए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पहले से ही ई-ऑफिस एवं पेपरलेस कार्यप्रणाली लागू की जा चुकी है, जिसके माध्यम से अधिकांश प्रशासनिक कार्य ऑनलाइन सफलतापूर्वक संपादित किए जा सकते हैं। ऐसे में राज्य में आवश्यकता अनुसार चरणबद्ध तरीके से “वर्क-फ्रॉम-होम” व्यवस्था लागू करना व्यवहारिक एवं जनहितकारी कदम होगा।

फेडरेशन ने विशेष रूप से नवा रायपुर स्थित मंत्रालय एवं विभिन्न शासकीय कार्यालयों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में होने वाले वाहन आवागमन का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्क-फ्रॉम-होम व्यवस्था लागू होने से ईंधन की बड़ी मात्रा में बचत होगी, यातायात दबाव कम होगा तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

फेडरेशन ने राज्य शासन से मांग की है कि वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शासकीय कार्यालयों में आवश्यकतानुसार “वर्क-फ्रॉम-होम” कार्यप्रणाली लागू करने हेतु शीघ्र आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।

 

Chief Editor

छत्तीसगढ़ के ऐसे पत्रकार, जिन्होने पत्रकारिता के सभी क्षेत्रों में काम किया 1984 में ग्रामीण क्षेत्र से संवाददाता के रूप में काम शुरू किया। 1986 में बिलासपुर के दैनिक लोकस्वर में उपसंपादक बन गए। 1987 से 2000 तक दिल्ली इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के राष्ट्रीय अखबार जनसत्ता में बिलासपुर संभाग के संवाददाता के रूप में सेवाएं दीं। 1991 में नवभारत बिलासपुर में उपसंपादक बने और 2003 तक सेवाएं दी। इस दौरान राजनैतिक विश्लेषण के साथ ही कई चुनावों में समीक्षा की।1991 में आकाशवाणी बिलासपुर में एनाउँसर-कम्पियर के रूप में सेवाएं दी और 2002 में दूरदर्शन के लिए स्थानीय साहित्यकारों के विशेष इंटरव्यू तैयार किए ।1996 में बीबीसी को भी समाचार के रूप में सहयोग किया। 2003 में सहारा समय रायपुर में सीनियर रिपोर्टर बने। 2005 में दैनिक हरिभूमि बिलासपुर संस्करण के स्थानीय संपादक बने। 2009 से स्वतंत्र पत्रकार के रूप में बिलासपुर के स्थानीय न्यूज चैनल ग्रैण्ड के संपादक की जिम्मेदारी निभाते रहे । छत्तीसगढ़ और स्थानीय खबरों के लिए www.cgwall.com वेब पोर्टल शुरू किया। इस तरह अखबार, रेडियो , टीवी और अब वेबमीडिया में काम करते हुए मीडिया के सभी क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button