NEET विवाद पर सड़कों पर छात्र: NSUI का उग्र प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में लरंगसाय चौक पर पुतला दहन

रामानुजगंज… (पृथ्वी लाल केसरी) नीट परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द होने के विरोध में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने रामानुजगंज के लरंगसाय चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन भी किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन छात्रों ने पूरी मेहनत और ईमानदारी से परीक्षा की तैयारी की थी, उनके साथ अन्याय हुआ है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेपर लीक और अनियमितताओं ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जानी चाहिए।
NSUI नेताओं ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए उस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। उनका कहना था कि जब तक पारदर्शी व्यवस्था नहीं बनेगी, तब तक छात्रों का भरोसा बहाल नहीं हो सकता।
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष निशांत चौबे, इंतखाब अंसारी, सन्नी सिंह, क्षितिज गुप्ता, हदीश अंसारी, अभिषेक केशरी, मुर्तुजा, आकाश तिवारी, अविनाश कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





