पुरानी रंजिश में खूनी हमला: मंदिर के पास युवक पर जानलेवा वार, बिल्हा पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
डंडे से सिर पर किया हमला,2 आरोपी व 2 बाल अपचारी गिरफ्तार

बिलासपुर… पुरानी रंजिश के चलते बिल्हा थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। तालाब स्थित शिव मंदिर के पास हुई इस वारदात में आरोपियों ने डंडे से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के अनुसार, मोहतरा निवासी आयुष बरगाह (19 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 अप्रैल की रात उसके पिता राजेश बरगाह पर रूपेश मेहर और उसके साथियों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने डंडे से सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मेडिकल रिपोर्ट में चोट की गंभीरता सामने आने पर प्रकरण में हत्या के प्रयास से संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने मारपीट की घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता भी बरामद किया है।
मामले में दीपक मेहर और अन्नू ध्रुव के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





