बिलासपुर… बिलासपुर की सड़कों को रील और स्टंट का अखाड़ा बनाने वालों के लिए बुरी खबर है। अब तेज रफ्तार, खतरनाक स्टंट और लापरवाह ड्राइविंग केवल चालान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ड्राइविंग लाइसेंस भी छिन सकता है। यातायात पुलिस ने साफ कर दिया है कि सड़क पर कानून तोड़ने वालों की हर हरकत अब कैमरों की नजर में है और गंभीर उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में जिलेभर में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल तेज रफ्तार, जल्दबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

शहर की हर सड़क पर ‘तीसरी आंख’ का पहरा

यातायात पुलिस ने शहर और राष्ट्रीय राजमार्गों पर अत्याधुनिक तकनीक का जाल बिछा दिया है। हाईवे पर इंटरसेप्टर वाहन, स्पीड राडार गन और स्पीडोमीटर के जरिए वाहनों की गति पर नजर रखी जा रही है, जबकि शहर के भीतर आईटीएमएस और एएनपीआर कैमरों के माध्यम से चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और प्रमुख सड़कों की निगरानी की जा रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि शहर का लगभग पूरा हिस्सा आईटीएमएस नेटवर्क के दायरे में आ चुका है। 550 से अधिक आधुनिक कैमरे लगातार सक्रिय हैं, जो तय गति सीमा से अधिक रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग, स्टंटबाजी, रील बनाते हुए वाहन चलाने और अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों को रिकॉर्ड कर रहे हैं। नियम तोड़ने वालों को ऑनलाइन नोटिस भेजे जा रहे हैं और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

रील और स्टंट के जुनून पर कड़ा प्रहार

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। सड़क पर स्टंट करना, तेज रफ्तार से वाहन चलाना, खतरनाक तरीके से ओवरटेक करना और वाहन चलाते हुए वीडियो बनाना दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहा है।

इसी को देखते हुए यातायात पुलिस ने ऐसे मामलों पर विशेष अभियान शुरू किया है। अब केवल चालान भरवाकर कार्रवाई समाप्त नहीं होगी, बल्कि गंभीर उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

पांच महीने में हजारों चालकों पर कार्रवाई

यातायात पुलिस ने जनवरी से मई 2026 के बीच तेज गति से वाहन चलाने के मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 112/183 के तहत 4809 प्रकरण दर्ज किए हैं। वहीं जल्दबाजी और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के मामलों में धारा 184 के तहत 9567 प्रकरण बनाए गए हैं।

इस प्रकार केवल पांच महीनों में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खिलाफ कुल 14372 मामलों में कार्रवाई कर संबंधित वाहन चालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। यह आंकड़ा बताता है कि सड़क सुरक्षा को लेकर नियमों की अनदेखी किस स्तर तक पहुंच चुकी है।

यातायात पुलिस के अनुसार जिन वाहन चालकों ने सड़क पर जोखिमपूर्ण स्थिति पैदा की है और अन्य लोगों की जान को खतरे में डाला है, उनके लाइसेंस निलंबन के लिए लगातार परिवहन विभाग को प्रतिवेदन भेजे जा रहे हैं।

सड़क स्टंट का मंच नहीं, पुलिस की अंतिम चेतावनी

यातायात पुलिस ने दो टूक कहा है कि सड़कें सार्वजनिक आवागमन के लिए हैं, प्रदर्शन और स्टंट के लिए नहीं। रील बनाने, खतरनाक स्टंट करने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

पुलिस का साफ संदेश है कि सड़क पर लापरवाही अब महंगी पड़ेगी। जरूरत पड़ने पर चालान, लाइसेंस निलंबन और न्यायालयीन कार्रवाई एक साथ की जाएगी। इसलिए वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा कानून अपनी पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा।