बिलासपुर…आज पुलिस परेड ग्राउंड में सिर्फ रिहर्सल नहीं हुई, बल्कि 15 अगस्त को होने वाले उस राष्ट्रीय पर्व की पूरी तस्वीर जमीन पर उतार दी गई, जिसका साक्षी पूरा बिलासपुर बनेगा। ध्वजारोहण से लेकर राष्ट्रगान, परेड की कदमताल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, बैंड की धुन, ताइक्वांडो के साहसिक प्रदर्शन और उत्कृष्ट सेवाओं के सम्मान तक—15 अगस्त के मुख्य समारोह का पूरा घटनाक्रम आज उसी क्रम और उसी गरिमा के साथ दोहराया गया।

दो दिन बाद इसी मैदान पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह होगा। उससे पहले आज के पूर्वाभ्यास ने कार्यक्रम की हर कड़ी को अंतिम कसौटी पर परखा।

 नजर मिनट-मिनट के अनुशासन पर

कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने पूरे पूर्वाभ्यास के दौरान समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम को बारीकी से देखा। परेड की गति से लेकर प्रस्तुतियों के क्रम और मंचीय व्यवस्थाओं तक हर पहलू पर उनकी नजर रही। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अगस्त का समारोह केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा, अनुशासन और भव्यता हर स्तर पर दिखाई दे।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने पूर्वाभ्यास में मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और उसी अनुरूप कार्यक्रम की सभी प्रक्रियाओं को परखा गया।

13 टुकड़ियों की कदमताल ने बताया— मैदान तैयार

पूर्वाभ्यास में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण और 13 टुकड़ियों के मार्च पास्ट का अभ्यास हुआ। जवानों की अनुशासित कदमताल ने मैदान पर स्वतंत्रता दिवस समारोह की गंभीरता और गरिमा का अहसास कराया।

इसके साथ ही छह चयनित स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का पूर्वाभ्यास किया। बच्चों की प्रस्तुतियां समारोह में राष्ट्रभाव को नई पीढ़ी की आवाज देंगी

 ताइक्वांडो और डबल बैंड भी खींचेंगे नजर

इस बार समारोह में कुछ नए रंग भी दिखाई देंगे। स्कूली बच्चे ताइक्वांडो के साहसिक प्रदर्शन के माध्यम से अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करेंगे। जिला पुलिस और केंद्रीय जेल का संयुक्त बैंड देशभक्ति की धुनों से वातावरण को राष्ट्रीय उत्साह से भर देगा।

लेकिन समारोह का एक भावुक पक्ष भी होगा। नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों और नागरिकों के परिवारों के योगदान एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाएगा।

 उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान,नशामुक्ति का संकल्प

स्वतंत्रता दिवस के मंच पर शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि सम्मानित करेंगे। वहीं ब्रह्माकुमारी बहनों के माध्यम से नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।

इस तरह इस बार का समारोह केवल ध्वजारोहण और परेड तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें शौर्य, संस्कृति, सम्मान, सामाजिक संकल्प और राष्ट्रभाव—सभी एक साथ दिखाई देंगे।

 पूरा मंचन, अब 15 अगस्त का इंतजार

अंतिम पूर्वाभ्यास के साथ पुलिस परेड ग्राउंड ने 15 अगस्त के लिए खुद को पूरी तरह साध लिया है। आज मैदान पर जो कुछ हुआ, वह आने वाले शनिवार को हजारों लोगों के सामने उसी उत्साह और भव्यता के साथ दिखाई देगा।