बिलासपुर। बांसाझाल-भाठाखार क्षेत्र के खेत में मिली भुवन सिंह ध्रुव की लाश के मामले में बिलासपुर पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि खेत बेचकर मिले रुपयों की लालच में आरोपी ने पहले दोस्ती बढ़ाई, फिर शराब पिलाकर सुनसान इलाके में ले गया और पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनपहरी निवासी अशोक श्रीवास के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 41 हजार 500 रुपये, हत्या में प्रयुक्त पत्थर और घटना में इस्तेमाल ऑटो जब्त किया है।

बेची थी जमीन, पैसों की थी जानकारी

पुलिस के अनुसार मृतक भुवन सिंह ध्रुव ने करीब 20-25 दिन पहले अपनी जमीन बेची थी। आरोपी अशोक श्रीवास को इसकी जानकारी थी। पुलिस का कहना है कि इसी के बाद आरोपी ने भुवन से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी थीं।

13 जून को आरोपी अपने ऑटो से भुवन को साथ लेकर निकला और जंगल क्षेत्र में ले जाकर शराब पिलाई। इस दौरान वह लगातार भुवन से रुपये मांगता रहा।

रुपये नहीं दिए तो हत्या की साजिश

जांच में सामने आया कि जब भुवन ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी उसे बांसाझाल के पास सुनसान खेत में ले गया। वहां पहले पत्थर से हमला कर उसे घायल किया और फिर भारी पत्थर से सीने पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी मृतक के पास रखे रुपये लेकर फरार हो गया और रकम को अपने घर की सीढ़ियों के नीचे छिपाकर रख दिया।

सीसीटीवी और गवाहों से खुला राज

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और कई लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार छिपता फिर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस सतर्कता से सुलझा अंधा कत्ल

उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में चौकी जुनापारा और पुलिस टीम ने लगातार जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।