बिलासपुर…छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने बिलासपुर संभाग में संगठन को नई मजबूती देते हुए 24 पदों वाली संभागीय कार्यकारिणी की घोषणा की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा ने संघ की नियमावली और संभाग के सभी जिला अध्यक्षों से विचार-विमर्श के बाद प्रशिक्षण अधिकारी ओम त्रिपाठी को संभागीय अध्यक्ष तथा नंदकुमार बंजारे को वरिष्ठ संभागीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।

बिलासपुर जिला शाखा अध्यक्ष किशोर शर्मा ने बताया कि नई कार्यकारिणी में संभागीय अध्यक्ष और वरिष्ठ संभागीय उपाध्यक्ष के अलावा आठ संभागीय उपाध्यक्ष, एक संभागीय सचिव, एक कोषाध्यक्ष, छह प्रवक्ता और छह संयुक्त सचिव शामिल हैं। संगठन ने नई टीम के जरिए संभाग में कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की तैयारी शुरू कर दी है।

30 सितंबर को सड़कों पर उतरेंगे कर्मचारी

नवनियुक्त संभागीय अध्यक्ष ओम त्रिपाठी ने पदभार संभालने के बाद कर्मचारी हितों को लेकर संगठन की आगामी रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि राज्य के कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता सहित कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर संघ लगातार संघर्ष करेगा।

उन्होंने बताया कि 30 सितंबर 2026 को प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित की जाएगी। आंदोलन के बाद मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बिलासपुर संभाग के आंदोलन को सफल बनाने के लिए संभाग के सभी जिलों के जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

त्रिपाठी ने कहा कि कर्मचारी हितों के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा और संगठन की आवाज को संभाग से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूती से उठाया जाएगा।

नई जिम्मेदारी पर फूलमालाओं से स्वागत

नई जिम्मेदारी की घोषणा के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश और जिला पदाधिकारियों ने बिलासपुर स्थित संघ कार्यालय में ओम त्रिपाठी का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बिलासपुर संभाग में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा, प्रदेश समन्वयक जीआर चंद्रा, प्रदेश महामंत्री हिमाचल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सिंह ठाकुर, जिला शाखा अध्यक्ष किशोर शर्मा, सचिव दुर्गेश साहू, जिला संरक्षक रामकुमार यादव, पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कस्तूरे, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश शर्मा, एल. महेश्वर राव, चंद्र कुमार यादव, राजीव देवांगन, प्रवीण यादव, विजय आजाद, अनुराग कुमार तिवारी, संजय राज सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी साथी उपस्थित रहे।