LIVE UPDATE
BilaspurBig newsChhattisgarh

11 लाख की सबसे बड़ी टक्कर… विनीत कप बना देश का लाइट-वेट क्रिकेट महाकुंभ, ट्रॉफी के साथ बुलेट पर खिलाड़ियों की नज़रें

देश का नंबर-1 लाइट-वेट क्रिकेट महोत्सव, जहां दांव पर है ट्रॉफी भी… और बुलेट भी

बिलासपुर….लाइट-वेट टेनिस बॉल क्रिकेट के प्रेमियों के लिए इस साल का दिसंबर बस एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि क्रिकेट का महाकुंभ लेकर आ रहा है। स्वर्गीय उषा देवी भंडारी की स्मृति में आयोजित होने वाला ‘विनीत कप’ 28 दिसंबर से शानदार आतिशबाजी, भव्य व्यवस्थाओं और आईपीएल-स्टाइल के जीवंत माहौल के साथ आगाज़ करेगा। यह वही टूर्नामेंट है, जिसका इंतजार सिर्फ़ बिलासपुर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश भर के टेनिस बॉल क्रिकेट प्रेमी सालभर करते हैं।

इस साल विनीत कप ने एक नया इतिहास रचा है। 11 लाख रुपये की इनामी राशि के साथ यह आयोजन अब लाइट-वेट बॉल में भारत का सबसे बड़ा क्रिकेट टूर्नामेंट बन गया है। 11 जनवरी को होने वाला भव्य फाइनल अपने आप में क्रिकेट का त्योहार होगा।

आयोजन समिति के प्रमुख ईशान भंडारी ‘निक्कू’ ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह आयोजन उनकी स्वर्गीय माता उषा देवी भंडारी की प्रेरणा और उनके प्रति समर्पण का प्रतीक है। ईशान पहले भी अपनी माता की स्मृति में जिला स्तर की कबड्डी प्रतियोगिताएं करा चुके हैं, लेकिन विनीत कप उनका सबसे बड़ा और लगातार 13 वर्षों से जारी संकल्प है।

उन्होंने बताया कि इस साल टूर्नामेंट का पहला इनाम 11,11,111 रुपये और चमचमाती ट्रॉफी होगा, जबकि मैन ऑफ द सीरीज को बुलेट मोटरसाइकिल दी जाएगी। महाराष्ट्र की प्रोफेशनल टीम tenniscricket.in अपने वैनिटी वैन सहित मौजूद रहेगी और मैचों का हाई-क्वालिटी लाइव प्रसारण करेगी। निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड अंपायर सिस्टम भी लगाया जाएगा।

 प्रतिष्ठित आयोजन की लोकप्रियता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि देशभर की 32 टीमों को ही प्रवेश मिलेगा। कई बार तो एंट्री की मांग सैकड़ों में पहुंच जाती है। छत्तीसगढ़ के साथ—महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक सहित कई राज्यों की टीमें हर साल हिस्सा लेती हैं। इससे पहले दुबई और ओमान की इंटरनेशनल टीमें भी इस आयोजन का हिस्सा बन चुकी हैं।

विधायक सुशांत शुक्ला की अनुशंसा पर उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव द्वारा स्वीकृत फ्लडलाइट व्यवस्था इस बार पहली बार उपयोग में लाई जाएगी, जो टूर्नामेंट को प्रोफेशनल क्रिकेट का एहसास कराएगी। बाहर से आने वाली टीमों के आवास, भोजन, सुरक्षा और संपूर्ण व्यवस्थाएं आयोजन समिति द्वारा की जाएंगी।

कुल 31 मुकाबलों में हर मैच मैन ऑफ द मैच घोषित होगा। लीग चरण 10 ओवर का, सेमीफाइनल 12 ओवर का और ग्रैंड फिनाले 14 ओवर का होगा। आयोजन के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों, अधिकारियों और पत्रकारों के लिए सद्भावना मैच भी कराया जाएगा।

ईशान भंडारी कहते हैं—“हमारी कोशिश सिर्फ टूर्नामेंट कराने की नहीं, बल्कि उन खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच देने की है जो बड़े क्रिकेट में जाने का सपना देखते हैं। विनीत कप सिर्फ खेल नहीं, पूरे शहर का उत्सव बन चुका है। खिलाड़ी और दर्शक दोनों इसे दिल से जीते हैं।”

11 जनवरी की रात जब अंतिम आतिशबाजी आकाश में चमकेगी, तभी तय होगा कि इस साल की लाइट-वेट क्रिकेट की सबसे बड़ी ट्रॉफी किसके हाथ में उठेगी—लेकिन इससे पहले पूरा शहर एक बार फिर क्रिकेट के इस शानदार उत्सव में डूबने को तैयार है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close