ट्रांसपोर्ट नगर में बुलेट गैंग का आतंक: ट्रक ड्राइवर से लूट, फिर लोहे की रॉड से हमला… पुलिस ने दो दबोचे
संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया

बिलासपुर… चकरभाठा थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में देर रात ट्रक ड्राइवरों को निशाना बनाकर लूट और मारपीट करने वाले बुलेट सवार गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। साहू ढाबा के पास वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 29 अप्रैल 2026 की रात ट्रक ड्राइवर सोनू बाजरा ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक खड़ी कर साहू ढाबा में खाना खाने गया था। वापस लौटते समय बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया और मोबाइल व 5 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।
घटना के कुछ दिन बाद 4 मई को उसी इलाके में फिर वही बुलेट सवार बदमाश सक्रिय हुए। इस बार आरोपियों ने गुलशन साहू को निशाना बनाया और लोहे की रॉड तथा बुलेट की चाबी से हमला कर घायल कर दिया। लगातार दो घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई थी।
चकरभाठा पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और हुलिए के आधार पर संदिग्धों की पहचान हुई, जिसके बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल और 3700 रुपए नगद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपी राहुल साहू पिता रामाश्रय साहू निवासी नयापारा वार्ड नंबर 11 सिरगिट्टी है। दूसरा आरोपी विधि से संघर्षरत बालक है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया । फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।




