“ऑपरेशन अंकुश”: IPL सट्टे के तीन अड्डों पर पुलिस रेड, 5 खाईवाल गिरफ्तार… नकदी समेत डिजिटल नेटवर्क जब्त
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार

रायगढ़…आईपीएल मैचों की आड़ में शहर में फैल रहे ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। “ऑपरेशन अंकुश” के तहत साइबर सेल और कोतवाली पुलिस ने शहर के तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ रेड कर पांच सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में करीब 2 लाख 70 हजार रुपए नकद, नोट गिनने की मशीन, महंगे मोबाइल फोन और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई ने शहर में सक्रिय सट्टा नेटवर्क की परतें खोल दीं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज किए हैं।
ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस से ऑनलाइन सट्टा
पहली रेड कोतरारोड बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर हार-जीत का ऑनलाइन सट्टा संचालित हो रहा है। दबिश के दौरान साकेत सिंघानिया पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
जांच में उसके मोबाइल से ऑनलाइन बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई बारकोड और रकम के लेनदेन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले। आरोपी ने पूछताछ में अपने साथियों के साथ मिलकर सट्टा नेटवर्क चलाने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके कब्जे से विवो मोबाइल और आईफोन-13 प्रो जब्त किया।
राशन दुकान बना सट्टा सेंटर
दूसरी कार्रवाई पुराना पंजाब नेशनल बैंक के पास एक राशन दुकान में हुई, जहां रितेश डालमिया ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते पकड़ा गया। पूछताछ में उसने पिंटू हलवाई, रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई के नाम उजागर किए।
इसके बाद पुलिस टीम ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल और उसकी पत्नी प्रियंका हलवाई को हिरासत में लिया। तलाशी में आईफोन, विवो और सैमसंग मोबाइल के साथ 2 लाख 69 हजार रुपए नकद और इलेक्ट्रॉनिक नोट गिनने की मशीन बरामद हुई। पुलिस मान रही है कि यह गिरोह बड़े पैमाने पर सट्टे के पैसों का लेनदेन संभाल रहा था।
दूसरी मंजिल से संचालित IPL सट्टा
तीसरी कार्रवाई संजय मैदान रामभांठा इलाके में हुई। यहां कार्मेल स्कूल के पास किराए के मकान की दूसरी मंजिल से ऑनलाइन सट्टा ऑपरेट किया जा रहा था। पुलिस ने प्रदीप कुमार पाण्डेय को मौके से गिरफ्तार किया।
उसके मोबाइल में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और सट्टे से जुड़े डिजिटल स्क्रीनशॉट मिले। जांच में करीब 89 हजार 950 रुपए के ऑनलाइन लेनदेन के सबूत सामने आए। आरोपी ने भी पिंटू हलवाई, रौनक और प्रियंका के साथ मिलकर सट्टा नेटवर्क चलाने की बात स्वीकार की।
फरार आरोपी की तलाश तेज
पूरे मामले में पिंटू हलवाई फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे तीनों मामलों में आरोपी बनाया है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा युवाओं और समाज को आर्थिक व सामाजिक नुकसान पहुंचाने वाला संगठित अपराध है। रायगढ़ पुलिस तकनीकी और जमीनी स्तर पर ऐसे नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखेगी।




