Teacher suspend।छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ एक शिक्षक को शराब पीकर स्कूल आने और छात्रों को डराने-धमकाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

यह घटना शिक्षा के क्षेत्र में अनुशासनहीनता और लापरवाही के गंभीर मुद्दे को उजागर करती है। मिली जानकारी अनुसार लोक शिक्षण संचालनालय को 1 अगस्त को शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बम्हनी, पिथौरा में पदस्थ व्याख्याता संजय नंद के खिलाफ शिकायत मिली थी।

शिकायत में बताया गया था कि व्याख्याता अनियमित रूप से स्कूल आते हैं और शराब का सेवन करके छात्रों को परेशान करते हैं।

इस गंभीर शिकायत को तुरंत संज्ञान में लिया गया और एक जांच टीम गठित की गई। जांच में शिकायत के सभी आरोप सही पाए गए, जिसके बाद विभाग ने तत्काल सख्त कार्रवाई का फैसला लिया।

क्यों हुई सख्त कार्रवाई?teacher suspend 

जांच रिपोर्ट में यह पाया गया कि संजय नंद का यह कृत्य न केवल उनके नैतिक पतन को दर्शाता है, बल्कि यह उनके पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता का भी प्रमाण है।

उनका व्यवहार छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 एवं 23 का गंभीर उल्लंघन माना गया, जिसे एक “गंभीर कदाचार” की श्रेणी में रखा गया है।

निलंबन आदेश के तहत, संजय नंद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन की अवधि के दौरान, उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी पिथौरा निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।