LIVE UPDATE
Big news

स्टंट बना मौत का तमाशा: रफ्तार की सनक में बुझ गई 16 साल की ज़िंदगी

पान ठेले से टकराई बाइक, नाले में गिरे नाबालिग की मौके पर मौत, साथी भाग निकले

बिलासपुर..तेज रफ्तार, स्टंट और रोमांच की सनक ने एक और घर उजाड़ दिया। बिलासपुर में रविवार सुबह सड़क को रेस ट्रैक समझने की कीमत एक 16 वर्षीय नाबालिग को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। बाइक स्टंट के दौरान अनियंत्रित हुई मोटरसाइकिल पहले पान ठेले से टकराई और फिर सीधे नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि नाबालिग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सड़क पर रेस, अंजाम मौत

जानकारी के मुताबिक, हादसा सकरी थाना क्षेत्र के आसमां सिटी के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ। तीन युवक तेज रफ्तार में बाइक रेसिंग कर रहे थे। इसी दौरान यामाहा R15 चला रहा नाबालिग संतुलन खो बैठा। कुछ ही सेकंड में बाइक पान ठेले से टकराई और नाले में गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों बाइकें बेहद तेज गति में थीं और स्टंटबाजी कर रही थीं।

हादसे के बाद साथी फरार

हादसे के तुरंत बाद साथ रेसिंग कर रहे अन्य बाइक सवार मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम नाबालिग को अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कौन था मृतक

मृतक की पहचान प्रेम कुमार सिंह (16 वर्ष), निवासी राजकिशोर नगर, सरकंडा के रूप में हुई है। सवाल यह भी है कि नाबालिग के हाथ में इतनी शक्तिशाली बाइक किसने दी और किसकी लापरवाही ने यह हादसा संभव बनाया।

सड़क सुरक्षा माह में भी लापरवाही

यह हादसा ऐसे वक्त हुआ है, जब प्रदेश में सड़क सुरक्षा माह चल रहा है। पुलिस और प्रशासन लगातार हेलमेट, गति नियंत्रण और नियमों के पालन की अपील कर रहे हैं। इसके बावजूद नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना और खुलेआम स्टंटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही।

जांच में जुटी पुलिस

सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि नाबालिग को बाइक किसने उपलब्ध कराई, उसके साथी कौन थे और हादसे के वक्त नियमों की किस-किस तरह अनदेखी की गई।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close