CG: सूदखोरी का सनसनीखेज मामला,4 लाख के बदले चालीस लाख वसूले, शिक्षक को ब्लैकमेल करने वाली महिला गिरफ्तार!

Cg।कबीरधाम: कबीरधाम जिले में सूदखोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक सरकारी शिक्षक को 4 लाख रुपये के कर्ज के बदले 40 लाख रुपये से अधिक चुकाने के बावजूद लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
इस मामले में पिपरिया पुलिस ने एक महिला सूदखोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित शिक्षक राधेलाल डहरिया, निवासी वार्ड क्रमांक 12, इंदौरी, ने 9 जून को थाना पिपरिया में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम झलमला की शकुन उर्फ सतनाम खुराना पति सतबीर उर्फ लक्की खुराना उन्हें वर्षों से मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित कर रही है।
शिक्षक ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में घरेलू जरूरतों के लिए शकुन खुराना से 4 लाख रुपये उधार लिए थे। इस पर आरोपी महिला ने 10% मासिक ब्याज वसूला। राधेलाल डहरिया के अनुसार, उन्होंने अपनी जमीन बेचकर और बैंक से ऋण लेकर अब तक लगभग 40 लाख रुपये से अधिक की राशि चुका दी है।
इसके बावजूद, आरोपी महिला उन्हें लगातार धमकियाँ दे रही थी, अश्लील गालियाँ दे रही थी, परिवार को अपमानित कर रही थी और झूठे मामलों में फँसाने की धमकी दे रही थी।
हाल ही में, 3 जून 2025 को शकुन खुराना अपने पति के साथ पीड़ित के घर पहुँची और दबावपूर्वक उनसे चार हस्ताक्षरित कोरे (ब्लैंक) चेक लेकर चली गई। यहीं नहीं, महिला ने पीड़ित के स्कूल में भी पहुँचकर और बार-बार फोन के माध्यम से उन्हें ब्लैकमेल किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अपील
शिक्षक की शिकायत के आधार पर, थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक 175/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 294, 351(2), 308(2) और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं पंकज पटेल के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक आशीष शुक्ला के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अमित कश्यप, उप निरीक्षक जयराम यादव और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में उनका रुख पूरी तरह सख्त है और किसी भी प्रकार की शोषणकारी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





