कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक चलती हुई इलेक्ट्रिक स्कूटी अचानक आग का गोला बन गई। गनीमत यह रही कि, स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना का खौफनाक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीयूष कंवर अपनी दीदी के साथ कुसमुंडा से कटकीडबरी की ओर लौट रहे थे। इसी के दौरान जैसे ही उनकी स्कूटी भिलाई बाजार तालाब के पास पहुँची थी, तभी अचानक तकनीकी खराबी के चलते आग लग गई।

आग लगते ही वाहन में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन दोनों भाई-बहन ने घबराने के बजाय तुरंत स्कूटी से कूदकर अपनी जान बचाई।

देखते ही देखते खाक हो गई स्कूटी
आग इतनी भीषण थी कि, कुछ ही मिनटों में पूरी इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलाकर खाक हो गया था।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आप देख सकते है कि, एक स्कूटी धू-धूकर जलती हुई नजर आ रही है।

कुछ दिन पहले ही हुई थी ऐसी घटना
स्थानीय लोगों ने कहा कि, कुछ दिन पहले ही कटघोरा कॉलेज के पास भी इसी तरह एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आई थी।