बेलतरा में बांस शिल्प से आत्मनिर्भरता, विधायक ने शिल्पकारों से किया संवाद.. प्रशिक्षण का किया शुभारंभ..

बिलासपुर…ग्रामीण युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में ग्राम नेवसा में बांस शिल्प प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कौशल विकास ही युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का सबसे मजबूत माध्यम है और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम गांवों में रोजगार के नए अवसर खोलते हैं।
विधायक शुक्ला ने प्रशिक्षण में शामिल 20 युवाओं से दो माह के इस कोर्स का गंभीरता से लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि बांस शिल्प जैसे पारंपरिक कार्य आधुनिक डिज़ाइन और तकनीक से जुड़कर बेहतर आजीविका का साधन बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों के सही उपयोग से ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
कार्यक्रम में बताया गया कि यह प्रशिक्षण डिज़ाइन एवं तकनीकी विकास कार्यक्रम (डीडीडब्ल्यू) के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभाग द्वारा औजार, उपकरण और कच्चा माल उपलब्ध कराया गया है। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को उपयोगी वस्तुओं के साथ-साथ सजावटी सामग्री, फर्नीचर और विभिन्न कलाकृतियों के निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए आवश्यक मशीनरी और अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर हस्तशिल्प विकास बोर्ड की प्रभारी असरीता मिंज, डिज़ाइनर माधवी कश्यप, प्रशिक्षक फूलसाय सिंह, सरपंच सुरेश कश्यप सहित जनपद प्रतिनिधि, प्रशिक्षण संस्था के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन प्रशिक्षण प्रदाता संस्था की ओर से किया गया।





