बिलासपुर। US मार्केट में ट्रेडिंग के जरिए मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने SECL के रिटायर डिप्टी जनरल मैनेजर से 66 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली।

अफसर की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए एक युवती से हुई थी। उसने खुद को गुरुग्राम की एक कंपनी में वित्त प्रबंधक बताते हुए ट्रेडिंग में मदद का भरोसा दिलाया।

उसके बताए ऑनलाइन प्लेटफार्म पर निवेश के नाम पर पीड़ित ने छह किश्तों में रकम ट्रांसफर कर दी। मुनाफे की राशि निकालने के लिए अग्रिम टैक्स जमा करने को कहा। तब उन्हें धोखाधड़ी का संदेह हुआ। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद 30 अक्टूबर को रेंज साइबर थाने में लिखित आवेदन दिया है।

शिकायत के अनुसार, अशोक नगर बिरकोना रोड निवासी 63 वर्षीय कुलदीप सिंह ठाकुर नवंबर 2022 में एसईसीएल से विद्युत यांत्रिकी विभाग में डिप्टी जीएम के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। दो जून 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे इंस्टाग्राम आईडी ‘thakursupreeti93’ के माध्यम से उनकी तनिशा ठाकुर नाम की युवती से पहचान हुई। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और वाट्सएप पर बातचीत होने लगी।

युवती ने खुद को आगरा का निवासी और गुरुग्राम की डेलॉइट कंपनी में वित्त प्रबंधक बताया। बातचीत के दौरान कुलदीप ने शेयर और म्यूचुअल फंड में पहले हुए नुकसान की जानकारी दी। इस पर युवती ने उन्हें यूएस मार्केट में ट्रेडिंग करने की सलाह दी और अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। उसने ट्रेडिंग के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफार्म डाउनलोड कराया और उसके माध्यम से निवेश कराने लगी।

कुलदीप के मुताबिक, युवती के बताए बैंक अकाउंट्स में उन्होंने अपने एक्सिस बैंक अकाउंट से आरटीजीएस के जरिए छह बार रकम भेजी। 27 जुलाई को 17 लाख, 27 अगस्त को 10 लाख, 3 सितंबर को 10 लाख, 8 सितंबर को चार लाख, 18 सितंबर को 10 लाख और 21 सितंबर को 15 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इस तरह कुल 66 लाख रुपये निवेश के नाम पर ट्रांसफर किया।

शिकायत में बताया गया है कि निवेश के बाद जब उन्होंने लाभांश की रकम निकालने की बात कही, तब टैक्स के नाम पर अग्रिम राशि जमा करने को कहा गया। इस मांग के बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका पावती क्रमांक भी आवेदन में दिया गया है।

कुलदीप सिंह ने इंस्टाग्राम आईडी, संबंधित मोबाइल नंबर और ट्रेडिंग प्लेटफार्म के माध्यम से धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए रेंज साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने और रकम की बरामदगी की मांग की है।