LIVE UPDATE
Chhattisgarh

अपार आईडी में लापरवाही बरतने वाले 9 संकुल समन्वयकों का वेतन रुका, कलेक्टर की नाराजगी के बाद DEO का आदेश

बिलासपुर जिले में स्कूली छात्रों की अपार आईडी (APAAR ID) बनाने के कार्य में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर की नाराजगी के बाद शिक्षा विभाग ने एक कड़ा कदम उठाते हुए नौ संकुल शैक्षिक समन्वयकों का वेतन रोकने का आदेश जारी कर दिया है।

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में ‘वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी’ (अपार आईडी) निर्माण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा कार्य की धीमी प्रगति पर जताई गई कड़ी नाराजगी के बाद, जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने नौ संकुल शैक्षिक समन्वयकों (CAC) का जनवरी माह का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। विभाग की इस कार्रवाई से शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया है।

DEO द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, जिन संकुल समन्वयकों के वेतन आहरण पर रोक लगाई गई है, उनमें संकुल कन्या चकरभाठा,धौराभाठा,कन्या बिल्हा,मटियारी,महमंद,बालक सीपत,जयरामनगर,चनाडोंगरी,गनियारी।

दरअसल, 28 जनवरी 2026 को हुई समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने सभी संकुल समन्वयकों को अपने अधीनस्थ विद्यालयों में शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण के निर्देश दिए थे। शिक्षा विभाग द्वारा प्रतिदिन प्रोग्रेस रिपोर्ट भी साझा की जा रही थी। इसके बावजूद, उपरोक्त नौ संकुलों में पिछले दो दिनों से आईडी निर्माण का कार्य शून्य या नगण्य पाया गया।

DEO ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से लिखा है कि “बार-बार निर्देश के बाद भी कार्य न करना उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना है और कार्य के प्रति अरुचि को प्रदर्शित करता है।”

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जब तक संबंधित संकुलों में अपार आईडी निर्माण का निर्धारित लक्ष्य प्राप्त नहीं कर लिया जाता, तब तक इन समन्वयकों का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा।

वेतन जारी करने से पहले अब उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी से विशेष अनुमति लेनी होगी। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि प्रगति में सुधार नहीं हुआ, तो भविष्य में और भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button
close