रायपुर… पान खाने के लिए रुके कपड़ा कारोबारी की एक्टिवा से 53 लाख रुपये से भरा बैग पार करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरी की रकम बरामद करने के लिए जब पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों की तलाशी ली, तो नकदी छिपाने का तरीका भी सामने आया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रकम को गीजर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में छिपा रखा था। पुलिस ने चोरी गई पूरी 53 लाख रुपये की रकम बरामद करने का दावा किया है।

मामला 9 अक्टूबर का है। शैलेंद्र नगर निवासी कपड़ा कारोबारी किशोर बलवानी अपनी दुकान जाने के लिए घर से निकले थे। उनके पास सफेद बैग में 53 लाख रुपये रखे थे, जिसे उन्होंने अपनी एक्टिवा के सामने रखा हुआ था। रास्ते में कटोरा तालाब के संत कंवर राम चौक पर वे पान खाने के लिए रुके। इसी दौरान मौका पाकर अज्ञात आरोपी नकदी से भरा बैग लेकर भाग निकले। इतनी बड़ी रकम चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

हजारों कैमरो को खंगाला, बदले कपड़े और रास्ते

सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर करीब एक सप्ताह से कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए उन्होंने रास्ते में कई बार कपड़े बदले और भागने के लिए अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

दो आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद

पुलिस ने मामले में मनीष यदु और कमलेश कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ और तलाशी के दौरान चोरी की रकम अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने 53 लाख रुपये की पूरी नकदी बरामद कर ली। गीजर, टीवी के पीछे और बच्चों के खिलौनों में रकम छिपाने का तरीका इस मामले का खास पहलू रहा।

पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। कारोबारी की एक्टिवा से बैग चोरी करने की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने और पुलिस की नजर से बचने की कोशिश की, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस उन तक पहुंच गई।