मरीजों की जेब में पहुंचेगी रिपोर्ट – सिम्स समिति की बैठक में लिया गया फैसला..45 लाख की स्वीकृति

बिलासपुर…छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) की स्वशासी समिति की तृतीय बैठक गुरुवार को संभागायुक्त सह अध्यक्ष श्री सुनील जैन एवं कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल की उपस्थिति में सिम्स के नवीन कौंसिल कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में अस्पताल व महाविद्यालय की सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई और अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि परीक्षा हॉल में मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था, चिकित्सालय के मुख्य द्वार का निर्माण तथा ई-ऑफिस संचालन के लिए आवश्यक कंप्यूटर प्रणाली, मल्टीफंक्शन प्रिंटर और अन्य स्टेशनरी खरीदी जाएगी। साथ ही सेंट्रल लैब व वार्ड के लिए आवश्यक फर्नीचर सामग्री हेतु 45 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े कार्यों के उन्नयन के लिए समिति गठित कर समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। वहीं रेडियोलॉजिस्ट की कमी को देखते हुए आगामी दो माह तक निजी संस्थान से कम दर पर रेडियोलॉजिकल रिपोर्ट तैयार कराने का निर्णय लिया गया। मरीजों की सुविधा के लिए यह भी तय किया गया कि जांच रिपोर्ट सीधे मरीज और उनके परिजनों के मोबाइल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति, सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. बी.पी. सिंह, सिम्स चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह, डॉ. भूपेन्द्र कश्यप, डॉ. हेमलता ठाकुर, डॉ. चंद्रहास ध्रुव, डॉ. आराध्या सहित लोक निर्माण विभाग, सीजीएमएससी, क्रेड़ा व सिम्स प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।





