Rajasthan news।सीकर: सीकर जिले के जीणमाता थाना इलाके के गनोड़ा गांव में आज सुबह एक 18 वर्षीय युवती ने अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घर का दरवाज़ा अंदर से बंद होने पर परिवार के सदस्यों ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और युवती को फंदे से उतारा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप है कि युवती ने आत्महत्या करने से पहले रात में गांव के ही एक युवक से वीडियो कॉल और चैट पर बातचीत की थी।

मृतका की पहचान सुमन (18) पुत्री मदनलाल ढाका निवासी गनोड़ा के रूप में हुई है। सुमन के पिता मदनलाल ने बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।

आज सुबह लगभग 5 बजे जब उनकी पत्नी सुमन के कमरे की तरफ गईं, तो देखा कि दरवाज़ा अंदर से बंद है। उन्होंने सुमन को आवाज़ दी, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं आया।

जब खिड़की से अंदर देखा गया, तो सुमन पंखे से फांसी का फंदा लगाकर लटकी हुई थीं। इसके बाद परिवार के लोग खिड़की तोड़कर कमरे में घुसे, बेटी को फंदे से नीचे उतारा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मदनलाल ने बताया कि उनकी बेटी के पास एक स्मार्टफोन था, जिससे रात को एक नंबर पर वीडियो कॉल और चैटिंग हुई थी। उन्होंने गांव के ही युवक मनीष कुमार पुत्र भगवानाराम ढाका पर इस घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।

जीणमाता थानाधिकारी दलीप सिंह ने इस मामले में बताया कि परिजनों ने मृग रिपोर्ट दी है। युवती का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कररही है।