LIVE UPDATE
Bilaspur

अवैध रेत कारोबार पर छापा: हाइवा सहित 5 गाड़ियां जब्त, कई इलाके खंगाले

कंचनपुर से लेकर केंदा तक छापे, प्रशासन का साफ संदेश—अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस

बिलासपुर….जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। लगातार मिल रही शिकायतों और सक्रिय मॉनिटरिंग के बीच खनिज विभाग ने एक बार फिर अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर रेत के अवैध कारोबार पर सीधा प्रहार किया है।

एक साथ कई इलाकों में दबिश, रूट चिन्हित

3 अप्रैल को खनिज अमले ने कोटा, बेलगहना, कोनचरा, कंचनपुर, करही कच्छार, रतखंडी, रतनपुर, बिल्लिबंद, बरर और केंदा क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया। टीम ने पहले से चिन्हित रूट्स और संदिग्ध मूवमेंट पर फोकस किया, जिससे कार्रवाई सीधे असरदार रही।

कंचनपुर में हाइवा समेत तीन वाहन पकड़े

कंचनपुर क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन का बड़ा मामला सामने आया, जहां एक हाइवा और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही पकड़ लिया गया। दस्तावेजों की जांच में परिवहन अवैध पाया गया, जिसके बाद तुरंत जब्ती की कार्रवाई की गई।

अन्य इलाकों में कार्रवाई, कुल 5 वाहन जब्त

कार्रवाई सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रही। गतौरी से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और बिल्लिबंद क्षेत्र से एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इस तरह पूरे अभियान में कुल 5 वाहन जब्त किए गए।

पुलिस अभिरक्षा में वाहन,कानूनी कार्रवाई

जब्त वाहनों को रतनपुर थाना, कोटा थाना और बेलगहना व केंदा चौकी में सुरक्षित रखा गया है। सभी मामलों में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नहीं बचेगा अवैध खनन का कोई ठिकाना

कलेक्टर के निर्देश पर चल रही इस सतत कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा, जिससे अवैध नेटवर्क पूरी तरह तोड़ने की रणनीति पर काम चल रहा है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close