LIVE UPDATE
Chhattisgarh

शिक्षकों के हित हेतु रणनीति बनाने आमसभा,एसोसिएशन की महासभा 5 अप्रैल को रायपुर में

रायपुर।छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन द्वारा शिक्षक संवर्ग की ज्वलंत समस्याओं और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श करने हेतु एक विशाल आमसभा (महासभा) का आयोजन 5 अप्रैल 2026 को राजधानी रायपुर में किया जा रहा है। यह बैठक शांति नगर स्थित विमतारा भवन, मधु पिल्लै चौक में आयोजित होगी।

मुख्य एजेंडा और उद्देश्य-

इस महासभा का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों से जुड़े उन गंभीर मुद्दों पर रणनीति तैयार करना है जो वर्तमान में शिक्षक संवर्ग के भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं। चर्चा के प्रमुख बिंदु निम्नलिखित हैं-

पूर्व सेवा से पेंशन एवं पूर्ण पेंशन का अधिकार- एल बी संवर्ग के शिक्षक बिना पेंशन के सेवानिवृत्त हो रहे है, अधिकांश शिक्षक न्यूनतम पेंशन पर सेवानिवृत्त होंगे, ऐसे शिक्षकों की बढ़ती संख्या पर चिंता और समाधान की दिशा में कार्ययोजना बनाना।

क्रमोन्नति एवं पदोन्नति- लंबे समय से लंबित क्रमोन्नति और पदोन्नति की प्रक्रियाओं में तेजी लाने हेतु रणनीति।

प्रशिक्षण संबंधी मुद्दे- टीईटी (TET), डीएड और बीएड प्रशिक्षण से जुड़ी समस्याओं का निराकरण।

प्रदेशाध्यक्ष की अपील-

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों से इस सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है, उन्होंने कहा-

“आज बड़ी संख्या में शिक्षक ‘जीरो पेंशन’ के साये में सेवानिवृत्त हो रहे हैं, यदि आज हम एकजुट होकर प्रभावी रणनीति नहीं बनाएंगे, तो आने वाले वर्षों में यह समस्या और भी विकराल हो जाएगी। संगठन की शक्ति ही हमारी जीत का आधार है।”

कार्यक्रम का विवरण-

दिनांक- 5 अप्रैल 2026

स्थान- विमतारा भवन, मधु पिल्लै चौक, शांति नगर, रायपुर।

सहभागिता- समस्त ब्लॉक, जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी।

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यह आमसभा संगठन के भविष्य और शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा के लिए अत्यंत निर्णायक साबित होगी। सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपने सुझाव साझा करने का आग्रह किया गया है।

Back to top button
close