Durg Railway Job Scam/छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताकर 7 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला नेवई थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खोरपा पाटन निवासी सतीश कुमार मरकाम ने स्टेशन मरोदा बीआरपी कॉलोनी के रहने वाले खिलेश्वर साहू को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने खुद को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर में वेल्डर ग्रेड-3 पद पर कार्यरत बताते हुए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से अपनी सीधी पहचान होने का दावा किया।

Durg Railway Job Scam/बताया जा रहा है कि 10 फरवरी 2022 को आरोपी सतीश कुमार मरकाम, खिलेश्वर साहू के घर पहुंचा और उसकी पत्नी की मौजूदगी में 7 लाख रुपये नकद ले लिए।

आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह सात महीने के भीतर रेलवे में नौकरी दिलवा देगा या फिर रकम वापस कर देगा। विश्वास कायम करने के लिए उसने यूनियन बैंक पाटन शाखा के तीन कोरे चेक भी गारंटी के तौर पर दिए थे।

समय सीमा बीत जाने के बावजूद जब नौकरी नहीं लगी, तो पीड़ित ने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में 28 जुलाई 2023 को आरोपी ने एक लिखित इकरारनामा देकर पैसे लेने की बात स्वीकार की, लेकिन इसके बावजूद रकम वापस नहीं की।

Durg Railway Job Scam/लगातार परेशान होने के बाद पीड़ित ने नेवई थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 420 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।