♦तखतपुर में केंद्रीय मंत्री ने CMO को सरेआम फटकारा, बेमेतरा में पोस्टर पर फोटो न होने से भड़के भाजपा विधायक

बिलासपुर/बेमेतरा।छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक लापरवाही और सरकारी आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की अनदेखी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। बिलासपुर के तखतपुर में जहाँ केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अधिकारियों के अड़ियल रवैये और प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर मंच से ही नगर पालिका के सीएमओ (CMO) को कड़ी फटकार लगाई, वहीं बेमेतरा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में अपनी तस्वीर न होने से नाराज भाजपा विधायक ईश्वर साहू ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।

इन दोनों बड़ी घटनाओं ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शनिवार को तखतपुर नगर पालिका में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर आधारित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उस समय दंग रह गए, जब उन्हें पता चला कि इतने बड़े शासकीय आयोजन के लिए स्थानीय विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों को विधिवत आमंत्रित ही नहीं किया गया था।

इस घोर लापरवाही पर केंद्रीय मंत्री का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मंच से ही नगर पालिका के सीएमओ अमरेश सिंह को तलब कर सरेआम फटकार लगा दी। मंत्री तोखन साहू ने बेहद कड़े लहजे में कहा, यहाँ की इतनी शिकायतें मिल रही हैं, आपने किसी को कुछ बताया नहीं। मैं तो अपने से आया हूँ, आप लोगों ने तो मुझे बुलाया भी नहीं है। स्थानीय विधायक जी को बुलाना चाहिए था, सभी पार्षदों और अध्यक्ष को बुलाना चाहिए था, लेकिन आपने किसी को आमंत्रित ही नहीं किया।”

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए और यह प्रशासन की नैतिक व संवैधानिक जिम्मेदारी है कि प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करें।

प्रोटोकॉल के उल्लंघन के साथ ही केंद्रीय मंत्री ने नगर पालिका क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की कछुआ चाल पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सीएमओ से सीधे सवाल किया कि मंच निर्माण के लिए उनके द्वारा ₹25 लाख स्वीकृत किए गए थे, लेकिन अब तक वह निर्माण कार्य अधूरा क्यों है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा,जब मेरे द्वारा दिए गए पैसों का काम ही समय पर नहीं हो पा रहा है, तो बाकी विभाग कैसे चलता होगा?”

उन्होंने अधिकारियों को अंतिम चेतावनी दी कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। कार्यक्रम के बाद मंत्री की नाराजगी का यह 43 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रशासनिक अनदेखी का दूसरा मामला बेमेतरा जिले के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम से सामने आया, जहाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान भारी विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए मुख्य फ्लेक्स, होर्डिंग्स और सरकारी प्रचार सामग्री में स्थानीय भाजपा विधायक ईश्वर साहू की तस्वीर गायब थी।

अपनी ही सरकार के प्रशासनिक कार्यक्रम में इस तरह की उपेक्षा देखकर विधायक ईश्वर साहू बुरी तरह नाराज हो गए। उन्होंने इसे प्रोटोकॉल का खुला उल्लंघन और जनप्रतिनिधि का अपमान बताते हुए कार्यक्रम का तत्काल बहिष्कार कर दिया और आयोजन में शामिल हुए बिना ही वापस लौट गए। उनके साथ आए समर्थकों ने भी अधिकारियों की इस लापरवाही पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए जमकर आक्रोश जताया।

इस घटना के बाद स्टेडियम में काफी समय तक गहमा-गहमी और चर्चा का माहौल बना रहा।