“कोनी पुलिस की सटीक दबिश, अवैध शराब बरामद..युवक भी गिरफ्तार
अवैध शराब पर पुलिस का प्रहार, 39 पाव के साथ एक गिरफ्त में

बिलासपुर….थाना कोनी पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक से देसी प्लेन शराब की बड़ी खेप जब्त की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध शराब की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम कछार कचरा फैक्ट्री के पास एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर ग्राम कछार की ओर जा रहा है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए कोनी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। जिसके हाथ में झोला था। पुलिस ने जांच के दौरान कांच की शीशियों में भरी देसी प्लेन शराब के 39 पाव बरामद किया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम विक्रम पटेल निवासी ग्राम कछार बताया। अवैध शराब रखने और परिवहन करने का यह कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। न्यायालय में रिमांड पर पेश किया गया।
कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें।





