LIVE UPDATE
Bilaspur

प्रताप चौक अग्निकांड: कपड़ा दुका जल कर खाक…लपटों से बड़ी साबित हुई दमकल की देरी

कपड़े की दुकान खाक… सवालों में घिरा पूरा फायर सिस्टम

बिलासपुर …शहर के प्रताप चौक इलाके में बीती देर रात कपड़े की एक दुकान में भीषण आग लग गई, जिसने पूरी दुकान को कुछ ही घंटों में राख में बदल दिया। घटना ने न सिर्फ व्यापारिक इलाके को झकझोर दिया, बल्कि दमकल व्यवस्था की तत्परता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

साक्षी फैशन पूरी तरह तबाह

प्रताप चौक स्थित साक्षी फैशन (गर्ल्स एवं बेंस वियर) में लगी आग इतनी भयावह थी कि दुकान का कोई भी सामान नहीं बच पाया। आग की लपटें देर रात अचानक उठीं और तेजी से पूरे शोरूम में फैल गईं।

रात 3 बजे मिली सूचना, बाहर थे संचालक

दुकान संचालक कृष्णा बनर्जी को घटना की जानकारी रात करीब 3 बजे मिली, उस समय वे दिल्ली में कपड़ा खरीदने गए हुए थे और लौट रहे थे। सूचना मिलते ही उन्होंने परिजनों को अलर्ट किया। उनका छोटा भाई और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।

स्थानीय प्रयास और सिस्टम की सुस्ती

मौके पर मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की हर संभव कोशिश की। पास की अन्य दुकानों तक आग की गर्मी और लपटें पहुंचीं जरूर, लेकिन समय रहते नियंत्रण के प्रयासों से वहां बड़ा नुकसान टल गया।

दमकल:समय पर पहुंचती तो बच जाता सामान

घटना का सबसे गंभीर पहलू रहा दमकल विभाग की कथित देरी। संचालक कृष्णा बनर्जी ने साफ आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची। उनका कहना है कि अगर दमकल की टीम समय पर मौके पर पहुंचती, तो दुकान का काफी सामान बचाया जा सकता था।

सुबह तक काबू, तब तक सबकुछ खत्म

लगातार प्रयासों के बाद सुबह किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। मौके पर बाद में दमकल की टीम पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, साजिश से इंकार

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। संचालक ने किसी भी तरह की रंजिश या साजिश से साफ इनकार किया है।

सवाल जो जवाब मांगते हैं

घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि शहर के भीड़भाड़ वाले व्यापारिक इलाकों में आपात स्थिति से निपटने की तैयारी कितनी मजबूत है? और क्या हर बार नुकसान के बाद ही सिस्टम जागेगा?

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close