School teacher – पेंड्रा: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM) जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है।

यहां एक शासकीय स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पदस्थ संस्कृत शिक्षक पर अपनी ही छात्रा को स्कूल छोड़ने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाने और घंटों रोके रखने का सनसनीखेज आरोप लगा है।

परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर पेंड्रा थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के उजागर होने के बाद पूरे क्षेत्र और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

पुलिस में दर्ज कराई गई आधिकारिक शिकायत के मुताबिक, पुरानी बस्ती पेंड्रा निवासी पीड़ित छात्रा सुबह करीब 11:30 बजे अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। रास्ते में नया बस स्टैंड स्थित बाधा तालाब के पास उसकी मुलाकात स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, पेंड्रा में पदस्थ संस्कृत शिक्षक अमित शर्मा से हुई।

आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को अपनी गाड़ी से स्कूल तक छोड़ने की बात कहकर अपने साथ बैठा लिया, लेकिन वह उसे सीधे स्कूल ले जाने के बजाय अपने निजी घर ले गया।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी शिक्षक ने छात्रा को दोपहर से लेकर लगभग शाम 3:00 बजे तक अपने घर में जबरन रोके रखा।

इस दौरान उसने छात्रा को आइसक्रीम खिलाई और उसके परिवार व व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी तमाम जानकारियां हासिल कीं। शिकायत पत्र में यह भी स्पष्ट तौर पर उल्लेख किया गया है कि जिस समय शिक्षक छात्रा को अपने घर ले गया था, उस वक्त घर पर कोई अन्य परिजन या सदस्य मौजूद नहीं था।

जब छात्रा ने डरकर बार-बार अपने घर लौटने की इच्छा जताई, तो आरोपी शिक्षक ने उसे कुछ देर और रुकने के लिए दबाव बनाया। बाद में छात्रा के लगातार आग्रह और रोने पर वह उसे स्कूल या घर पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही आधा छोड़ कर खुद वापस लौट गया।

घर पहुंचने के बाद सहमी हुई छात्रा ने आपबीती अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद आक्रोशित परिजन तुरंत पेंड्रा थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी संस्कृत शिक्षक अमित शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।