सिर्फ अदालत नहीं, सेवा भी – अधिवक्ताओं ने उठाया न्याय का बीमा..कानूनविदों ने लिया संकल्प

रायपुर…छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए प्रतिरक्षा अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विधिक सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने, नि:शुल्क एवं प्रभावी विधिक सहायता प्रदान करने तथा न्याय प्रणाली के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प पुनः पुष्ट किया गया।
प्रतिरक्षा अधिवक्ताओं ने विचार-विमर्श के माध्यम से अपनी सहभागिता दर्ज कराई और विभिन्न विधिक पहलुओं पर चर्चा की। प्रतिभागियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल ज्ञानवर्धक रहा बल्कि विधिक सहायता को व्यापक जनसंपर्क से जोड़ने में भी उपयोगी सिद्ध होगा। इससे जरूरतमंद व्यक्तियों तक समय पर और प्रभावी सहायता पहुंचाने की दिशा में ठोस कदम उठाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रभारी रजिस्ट्रार जनरल एवं उच्च न्यायालय के अन्य रजिस्ट्री अधिकारी भी उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी की निदेशक ने स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रशिक्षण की उपयोगिता और न्याय सेवा के प्रति समर्पण पर जोर दिया। वहीं, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।





