LIVE UPDATE
Bilaspur

एयरटेल के सैकड़ों कनेक्शन ठप्प, कंपनी पर से उठ रहा उपभोक्ताओं का भरोसा, टेक्निकल हेड भी नहीं उठाते किसी का फोन

बिलासपुर। टेलीकॉम कंपनी एयरटेल पर से लोगों का भरोसा उठता जा रहा है । समय पर सर्विस देने के नाम पर इस कंपनी की पहचान है । लेकिन इन दिनों बिलासपुर शहर में ही सैकड़ो की तादाद में लोगों के इंटरनेट और फोन बंद है। लेकिन सुधार का काम नहीं हो पा रहा है। हालत यह है कि एयरटेल के टेक्निकल हेड भी लोगों का फोन नहीं उठा रहे हैं ।

जैसा कि मालूम है कि टेलीफोन, मोबाइल और इंटरनेट के क्षेत्र में एयरटेल कंपनी ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। खास तौर पर तत्काल सर्विस की सुविधा के कारण उपभोक्ता इस कंपनी को पसंद करते हैं । जाहिर सी बात है कि कंपनी का अब तक रिकार्ड रहा है कि इंटरनेट, फोन में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर एयरटेल की ओर से समय सीमा के अंदर सुधार कर दिया जाता है । रखरखाव के मामले में भी इस कंपनी की एक अलग पहचान है। लेकिन इस समय बिलासपुर शहर में एयरटेल के उपभोक्ता कंपनी के रवैये से परेशान हो रहे हैं ।
हाल के दिनों में अंधड़ के कारण कई जगह इंटरनेट वाई-फाई के तार टूटे हैं। जिसकी वजह से सैकड़ो एयरटेल उपभोक्ताओं को इंटरनेट की सुविधा नहीं मिल पा रही है। लोग कंपनी से शिकायत पर शिकायत कर रहे हैं। आमतौर पर होता रहा है कि कंपनी से शिकायत करने पर समय सीमा के भीतर और कई बार समय सीमा से पहले भी सिस्टम ठीक कर दिया जाता है। लेकिन इस समय तीन-चार दिन के बाद भी इंटरनेट, वाई-फाई ब्रॉडबैंड की सुविधा नहीं मिल पा रही है। आज के दौर में जब लोग हर एक काम के लिए इंटरनेट पर निर्भर हैं । ऐसे समय में एयरटेल की लापरवाही से लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है । ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने एयरटेल कंपनी पर भरोसा करके एक-एक साल एडवांस में बिल का भुगतान कर दिया है ,ऐसे उपभोक्ताओं की भी कोई सुनवाई नहीं है। हालत यह है कि एयरटेल के टेक्निकल हेड योगेश गौतम भी उपभोक्ताओं का फोन नहीं उठा रहे हैं। जिससे उपभोक्ताओं के सामने समस्या है कि वे इस बारे में किस से बात करें। उपभोक्ताओं का यह भी कहना है कि प्राकृतिक आपदा के समय इस तरह की स्थिति आती है। जिससे कुछ समय के लिए दिक्कत हो सकती है। लेकिन संचार क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी के टेक्निकल हेड को कम से कम उपभोक्ताओं के फोन रिसीव कर संतोषजनक जवाब देना चाहिए । जिससे भरोसा कायम रहे।

लोगों को मालूम है कि किसी जमाने में सरकारी कंपनी ही एकमात्र यह सुविधा उपलब्ध कराती थी। लेकिन किसी तरह की खराबी आने पर सर्विस के मामले में सरकारी कंपनी से लोगों को तत्काल सुविधा नहीं मिल पाती थी। एयरटेल कंपनी ने चाकचौबंद सर्विस की वजह से उपभोक्ताओं के मन में भरोसा जगाया और यही वजह है की बड़ी तादाद में लोग इस कंपनी के उपभोक्ता हैं। जानकारी मिल रही है कि शुरुआती दौर में कंपनी के साथ स्थानीय स्तर पर लोग जुड़े थे। जिससे उपभोक्ताओं से सीधा संपर्क होता रहा और किसी तरह की असुविधा होने पर पूरी संतुष्टि के साथ व्यवहार किया जाता रहा। लेकिन आज के दौर में यह सिस्टम पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है और कंपनी में टेक्निकल और दूसरे विभागों में बैठे लोगों का शहर के लोगों से कोई सीधा संपर्क नहीं है। जिसकी वजह से लोगों का भरोसा टूट रहा है । एयरटेल उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया है कि अगर कंपनी सर्विस देने में नाकाम रहती है तो ऐसे में अन्य ऑपरेटर की ओर रुख करना पड़ सकता है। लोग यह भी कह रहे हैं कि लोगों का बहुत अधिक भरोसा जीत कर कंपनी ने बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को अपने साथ जोड़ लिया है। अब उन्हें लोगों के विश्वास से कोई लेना देना नहीं है और उपभोक्ताओं की तकलीफ से भी वास्ता नहीं रह गया है।

Chief Editor

छत्तीसगढ़ के ऐसे पत्रकार, जिन्होने पत्रकारिता के सभी क्षेत्रों में काम किया 1984 में ग्रामीण क्षेत्र से संवाददाता के रूप में काम शुरू किया। 1986 में बिलासपुर के दैनिक लोकस्वर में उपसंपादक बन गए। 1987 से 2000 तक दिल्ली इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के राष्ट्रीय अखबार जनसत्ता में बिलासपुर संभाग के संवाददाता के रूप में सेवाएं दीं। 1991 में नवभारत बिलासपुर में उपसंपादक बने और 2003 तक सेवाएं दी। इस दौरान राजनैतिक विश्लेषण के साथ ही कई चुनावों में समीक्षा की।1991 में आकाशवाणी बिलासपुर में एनाउँसर-कम्पियर के रूप में सेवाएं दी और 2002 में दूरदर्शन के लिए स्थानीय साहित्यकारों के विशेष इंटरव्यू तैयार किए ।1996 में बीबीसी को भी समाचार के रूप में सहयोग किया। 2003 में सहारा समय रायपुर में सीनियर रिपोर्टर बने। 2005 में दैनिक हरिभूमि बिलासपुर संस्करण के स्थानीय संपादक बने। 2009 से स्वतंत्र पत्रकार के रूप में बिलासपुर के स्थानीय न्यूज चैनल ग्रैण्ड के संपादक की जिम्मेदारी निभाते रहे । छत्तीसगढ़ और स्थानीय खबरों के लिए www.cgwall.com वेब पोर्टल शुरू किया। इस तरह अखबार, रेडियो , टीवी और अब वेबमीडिया में काम करते हुए मीडिया के सभी क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button