बिलासपुर… साइबर ठगों ने एक ही दिन में दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देते हुए शहर के दो नागरिकों के खातों से कुल 1 लाख 84 हजार रुपए उड़ा लिए। पहली घटना में रिटायर्ड शिक्षक के एटीएम कार्ड को बदले जाने की आशंका है, जबकि दूसरी वारदात में बिजनेसमैन का मोबाइल हैक कर उनके क्रेडिट कार्ड से खरीदारी कर ली गई। दोनों मामलों की शिकायत सरकंडा थाने में दर्ज कर ली गई है।

पहला मामला: रिटायर्ड शिक्षक का एटीएम कार्ड स्वैप

जानकारी के अनुसार, पेंशनभोगी रिटायर्ड शिक्षक श्रीनिवास शर्मा शनिवार शाम बाजार गए थे। उन्होंने एटीएम से पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन ट्रांजैक्शन फेल हो गया। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर लगातार मैसेज आने लगे— खाते से 39,999 और 10,000 रुपए की निकासी हो चुकी थी। पीड़ित का शक है कि एटीएम में भीड़ के बीच किसी ने उनका कार्ड बदल दिया था। पुलिस कार्ड स्वैप की संभावना की जांच कर रही है।

दूसरा मामला: बिजनेसमैन का फोन हैक

दूसरी शिकायत विनोद अग्रवाल (40) ने की है। वे किसी निजी बैंक के क्रेडिट कार्ड धारक हैं। उनके मोबाइल में अचानक कंट्रोल खोने लगा और कुछ देर बाद उन्हें क्रेडिट कार्ड से 1 लाख 34 हजार रुपए की ऑनलाइन शॉपिंग ट्रांजैक्शन का अलर्ट मिला। पीड़ित ने बैंक कस्टमर केयर को कॉल किया, लेकिन तब तक रकम प्रोसेस हो चुकी थी। जांच में मोबाइल हैकिंग और फिशिंग लिंक की आशंका जताई गई है।

 पुलिस की कार्रवाई

दोनों मामलों में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और ट्रांजैक्शन के लिए प्रयुक्त IP एड्रेस, गेटवे और डिलीवरी एड्रेस की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल को भी सूचना भेज दी गई है। अधिकारी मान रहे हैं कि दोनों वारदातें किसी संगठित गैंग द्वारा की गई हैं, जो हाल ही में सक्रिय हुआ है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद से एटीएम ऑपरेट न करेंl फिशिंग लिंक, अनजान कॉल और स्क्रीन-शेयर ऐप से सावधान रहेंlमोबाइल का सिक्योरिटी लॉक और बैंकिंग ऐप का टू-फैक्टर वेरिफिकेशन सक्रिय रखेंl