बिलासपुर… क्षेत्र में बिजली व्यवस्था के विस्तार और सुचारू संचालन के पीछे केवल पुरुष कर्मी ही नहीं, बल्कि महिला विद्युत कर्मियों की भी अहम और निर्णायक भूमिका रही है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी के विभिन्न उपक्रमों में कार्यरत महिलाएं आज ऊर्जा क्षेत्र के जोखिमपूर्ण कार्यों को भी पूरी दक्षता और आत्मविश्वास के साथ अंजाम दे रही हैं।

चाहे बिजली वितरण का क्षेत्र हो, ट्रांसमिशन नेटवर्क हो या फिर उत्पादन इकाइयां—हर स्तर पर महिला कर्मी कंधे से कंधा मिलाकर जिम्मेदारियां निभा रही हैं। दूरस्थ वनांचल इलाकों से लेकर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों तक, दिन-रात विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में महिला कर्मचारी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और उपभोक्ताओं की सेवा में तत्पर रहती हैं।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बिलासपुर क्षेत्र में महिला कर्मियों की जिम्मेदारियां कंपनी के नियमों, दिशा-निर्देशों और विभागीय नीतियों के अनुरूप तय की गई हैं। तकनीकी कार्यों में महिला अभियंता और तकनीशियन बिजली वितरण, रखरखाव और नए कनेक्शन से जुड़े दायित्व संभाल रही हैं, वहीं कार्यालयीन स्तर पर बिलिंग, ग्राहक सेवा, मानव संसाधन और प्रबंधन जैसे अहम विभागों में भी उनकी सशक्त मौजूदगी है।

महिला कर्मी उपभोक्ताओं को बिजली से जुड़ी जानकारी देने, शिकायतों के त्वरित निवारण, सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा करने के साथ-साथ बिजली बचत और नई तकनीकों—जैसे स्मार्ट मीटर—के उपयोग को लेकर भी लोगों को जागरूक कर रही हैं।

पॉवर कंपनी में महिलाओं की भूमिका उनकी विशेषज्ञता और कार्यक्षेत्र के अनुसार तय होती है। शासन की महिला सशक्तिकरण योजनाओं का प्रभाव अब ऊर्जा क्षेत्र में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जहां महिलाएं न केवल स्वयं सशक्त हो रही हैं बल्कि राज्य के समग्र विकास में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं।

बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबष्ट के अनुसार, बिलासपुर रीजन के विभिन्न कार्यालयों और मैदानी क्षेत्रों में 230 से अधिक महिला विद्युत कर्मी कार्यरत हैं। इनमें अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित अन्य कार्यालयीन स्टाफ शामिल हैं, जो ऊर्जा क्षेत्र के विकास और जोखिमपूर्ण कार्यों में पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ अपने दायित्व निभा रही हैं।