महुआ का ‘काला कारोबार’ ध्वस्त: 141 लीटर के साथ पुलिस की बड़ी रेड..बाड़ी में चल रहा था ‘शराब फैक्ट्री
घर के पीछे बन रही थी शराब, पुलिस ने तोड़ा खेल: 141 लीटर के साथ कोचिया गिरफ्तार

बिलासपुर/ रतनपुर…नशे के कारोबार पर सख्त रुख अपनाते हुए रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई में अवैध महुआ शराब के धंधे पर सीधा प्रहार किया। ग्राम सीस में छापेमारी कर 141 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
घर के पीछे चल रहा था पूरा खेल
सोमवार को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सीस में दबिश दी। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने घर के पीछे बाड़ी में बड़े पैमाने पर कच्ची महुआ शराब तैयार कर बिक्री की तैयारी में था। रेड के दौरान मौके से भारी मात्रा में शराब और उपकरण बरामद किए गए।
28 हजार की शराब और पूरा सेटअप जब्त
कार्रवाई के दौरान 141 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 28,200 रुपये है, जब्त की गई। साथ ही शराब बनाने में उपयोग होने वाले बर्तन और अन्य उपकरण भी कब्जे में लिए गए।
आरोपी गिरफ्तार, सीधे जेल
मामले में दुलार साय उर्फ भोला पोर्ते, निवासी ग्राम सीस, को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
जिले में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई के निर्देश पर यह ऑपरेशन अंजाम दिया गया। पूरे अभियान में थाना रतनपुर की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। साफ संकेत है—अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





