बिलासपुर…शहर में बीते कुछ दिनों में हुए गंभीर सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात नियमों की अनदेखी के खतरनाक परिणाम सामने ला दिए हैं। इन्हीं घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा न केवल सख्ती बढ़ाई जा रही है, बल्कि आम नागरिकों को सुविधा और जागरूकता देने के उद्देश्य से लर्निंग लाइसेंस, वाहन बीमा और HSRP नंबर प्लेट शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है।

कप्तान का स्पष्ट संदेश—एक हादसा, पूरा परिवार…

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा जारी वीडियो संदेश में साफ कहा गया है कि हाल के दिनों में यातायात नियमों का पालन न करने के कारण शहर में एक गंभीर दुर्घटना हुई, जिसने सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।

कप्तान की अपील—नियमों का पालन ही भविष्य

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग, वैध लाइसेंस और नियमों का पालन ही सुरक्षित यातायात की गारंटी है। नियमों का पालन करेंगे तो न सिर्फ हमारा शहर, बल्कि समाज और देश सुरक्षित रहेगा।