बस टर्मिनल में देर रात आग का तांडव, पार्किंग में खड़ी कई बसें जलकर खाक
बस टर्मिनल में भीषण आग, आधा दर्जन से ज्यादा बसें जलने की आशंका

रायपुर… राजधानी रायपुर स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बस स्टैंड परिसर की पार्किंग में खड़ी बसों में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास खड़ी अन्य बसें भी इसकी चपेट में आ गईं।
आग की लपटें उठते देख बस संचालकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग की चपेट में कम से कम पांच बसें आ गईं, जबकि कुछ सूत्रों का कहना है कि आधा दर्जन से अधिक बसें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई हैं।
घटना के समय सभी बसें पार्किंग में खड़ी थीं और उनमें कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि इस हादसे में बस संचालकों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
आगजनी की आशंका, जांच शुरू
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। शुरुआती जांच में शरारती तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना कर रही है और बस टर्मिनल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं इस घटना ने बस टर्मिनल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





