CG News।बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने शिक्षक भर्ती से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में स्पष्ट किया है कि भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद लागू की गई परिवीक्षा अवधि की 70:80:90 प्रतिशत वेतन व्यवस्था को पहले से चल रही भर्ती प्रक्रिया पर लागू नहीं किया जा सकता।

कोर्ट ने कहा कि 28 जुलाई 2020 का शासन का परिपत्र पिछली तारीख से प्रभावी नहीं माना जा सकता। इसी के साथ हाई कोर्ट ने जीवविज्ञान के व्याख्याता विनोद कुमार वर्मा को नियुक्ति की तारीख से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन और उससे जुड़े सभी परिणामी लाभ देने का आदेश दिया है।

मामले की सुनवाई जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच में हुई। कोर्ट ने याचिकाकर्ता विनोद कुमार वर्मा की याचिका पर सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया।

याचिकाकर्ता विनोद कुमार वर्मा की नियुक्ति 22 फरवरी 2021 को जीवविज्ञान विषय के व्याख्याता (टी संवर्ग) के पद पर हुई थी।

उन्हें शासकीय हाईस्कूल तिलौली, विकासखंड भरतपुर, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में पदस्थ किया गया था। इस भर्ती के लिए शासन की ओर से 30 सितंबर 2019 को आधिकारिक विज्ञापन जारी किया गया था। हालांकि, भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण पूरे होने के बाद उनकी नियुक्ति फरवरी 2021 में हुई।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शोभित कोष्ठा ने पक्ष रखते हुए बताया कि शिक्षक भर्ती का विज्ञापन 30 सितंबर 2019 को जारी हो चुका था।

इसके काफी समय बाद 28 जुलाई 2020 को शासन ने परिवीक्षा अवधि के दौरान तीन वर्षों तक क्रमशः 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन देने संबंधी परिपत्र जारी किया। ऐसे में बाद में लागू की गई इस व्यवस्था को पहले से शुरू हो चुकी भर्ती प्रक्रिया पर लागू करना उचित नहीं है।

याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने दलील दी कि विनोद कुमार वर्मा को नियुक्ति की तारीख से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही बकाया वेतन और सेवा से जुड़े अन्य परिणामी लाभ भी प्रदान किए जाने की मांग की गई।

वहीं, राज्य शासन की ओर से पैनल लॉयर सौमित्र केशरवानी ने याचिकाकर्ता की मांग का विरोध करते हुए शासन का पक्ष रखा।

सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने ‘अमृत लाल साहू और अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन’ मामले में दिए गए पूर्व न्यायिक फैसले का हवाला दिया। इस फैसले में यह सिद्धांत स्पष्ट किया गया था कि भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद लागू की गई नई वेतन व्यवस्था को पहले से शुरू हो चुकी भर्ती प्रक्रिया पर पिछली तारीख से लागू नहीं किया जा सकता। भर्ती की शर्तें विज्ञापन जारी होने के समय लागू नियमों और व्यवस्था के आधार पर तय होती हैं।

इसी सिद्धांत और मामले के तथ्यों को ध्यान में रखते हुए हाई कोर्ट ने विनोद कुमार वर्मा को 28 जुलाई 2020 के परिपत्र के तहत निर्धारित 70:80:90 प्रतिशत वेतन व्यवस्था से मुक्त कर दिया।

कोर्ट ने निर्देश दिया कि उन्हें नियुक्ति की तारीख से नियमित वेतनमान के अनुसार पूरा मूल वेतन तथा उससे जुड़े सभी परिणामी लाभ प्रदान किए जाएं।