बिलासपुर/बेलगहना…नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलगहना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महुआ शराब के अवैध कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कुल 29 लीटर महुआ शराब और बिक्री की नकदी बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

 बाड़ी से मिली 20 लीटर महुआ शराब

पुलिस को सूचना मिली थी कि करवा गांव में अवैध रूप से महुआ शराब का संग्रहण और बिक्री की जा रही है। कार्रवाई के दौरान विष्णु खण्डेय  निवासी करवा के कब्जे से उसकी बाड़ी में रखी 20 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2 हजार रुपए बताई गई है।

 घर के पीछे चल रहा था कारोबार

इसी अभियान के तहत पुलिस ने सरगोड़ गांव में दबिश दी। यहां दुर्गेश धनुहार के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। मौके से शराब बिक्री की 200 रुपए नकद रकम भी जब्त की गई।

नशामुक्त समाज अभियान के तहत कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बेलगहना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) एवं 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।

दोनों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, सहायक उप निरीक्षक भारतलाल राठौर, प्रधान आरक्षक राधेश्याम मरावी तथा आरक्षक ईश्वर नेताम और संजय कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।