होटल का कमरा बना आख़िरी ठिकाना, विदेशी नागरिक की संदिग्ध मौत
होटल की चारदीवारी में सवाल, ब्रिटिश नागरिक की मौत पर जांच

पटना…बिहार की राजधानी पटना में एक होटल के कमरे से ब्रिटिश नागरिक का शव संदिग्ध हालात में मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान अजय कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो सेवानिवृत्ति के बाद भारत आए थे और बीते कई दिनों से पटना के एक होटल में ठहरे हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अजय कुमार शर्मा 18 जनवरी से होटल के उसी कमरे में ठहरे थे। होटल कर्मियों ने बताया कि रविवार को उन्होंने सामान्य रूप से खाना-पीना किया था, लेकिन सोमवार को पूरे दिन उनके कमरे से किसी भी तरह की गतिविधि नजर नहीं आई। न तो वे बाहर निकले और न ही किसी प्रकार का फोन या संपर्क हुआ।
सुबह जब होटल कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना जक्कनपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया गया।
जक्कनपुर थाना प्रभारी ऋतुराज कुमार सिंह ने बताया कि एफएसएल टीम के साथ पुलिस ने विधिवत कमरे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। अंदर अजय कुमार शर्मा अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पाए गए। मौके पर किसी तरह की हलचल या संघर्ष के स्पष्ट संकेत नहीं मिले, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
पुलिस ने होटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं और रिसेप्शन पर मौजूद एंट्री-एग्जिट रजिस्टर की भी जांच की जा रही है। होटल स्टाफ से पूछताछ जारी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अंतिम बार मृतक से कब और किसने संपर्क किया था।
एफएसएल टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।





