बिलासपुर.. दिन-रात कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर बिलासपुर पुलिस ने एक संवेदनशील पहल की। रक्षित केंद्र स्थित चेतना भवन में बुधवार को निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, उनके परिजनों के साथ आम लोगों ने भी दांतों और मसूड़ों की जांच कराई। शिविर में कुल 95 लोगों का दंत परीक्षण और उपचार किया गया।

बिलासपुर पुलिस के परिवार कल्याण चिकित्सालय की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पुलिस परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के साथ दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की दंत संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।

जांच के साथ बचाव की जानकारी

शिविर में क्षेत्रपाल मल्टी-स्पेशियलिटी डेंटल क्लिनिक के दंत विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष क्षेत्रपाल, डॉ. कुमुद सिंह, डॉ. नेहा सिंह ठाकुर और डॉ. सृष्टि पाण्डेय ने मरीजों की जांच की। चिकित्सकों ने दांतों और मसूड़ों से जुड़ी समस्याओं की पहचान के साथ उनके उपचार और बचाव के उपाय भी बताए।

विशेषज्ञों ने कहा कि दांतों की समस्या को केवल दर्द होने पर ही गंभीरता से लेना उचित नहीं है। नियमित सफाई, सही तरीके से ब्रश करना, संतुलित आहार और समय-समय पर दंत चिकित्सक से जांच कराना दंत स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। लोगों को रोजमर्रा की आदतों में छोटे बदलाव के जरिए दांतों और मसूड़ों को स्वस्थ रखने की जानकारी दी गई।

पुलिस परिवार तक सीमित नहीं रहा शिविर

शिविर की खास बात यह रही कि इसका लाभ केवल पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारों तक सीमित नहीं रहा। आम लोगों को भी निःशुल्क दंत परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। इससे पुलिस परिवार कल्याण की पहल ने जनसरोकार का व्यापक रूप भी लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ड्यूटी की व्यस्तता के बीच पुलिसकर्मी अक्सर अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच को प्राथमिकता नहीं दे पाते। ऐसे शिविर उन्हें कार्यस्थल के करीब स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में उपयोगी हैं।

कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक लाइन मंजूलता केरकेट्टा, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।