निगम चुनाव में भाजपा की बम्पर जीत.. बोले पूर्व मंत्री अमर…जनता ने लगाया सुशासन पर मुहर..16 को निकालेंगे आशीर्वाद रैली
जनता ने सुशासन पर लगाया मुहर...भाजपा को मिली प्रचंड जीत

बिलासपुर—नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर अमर अग्रवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। प्रेस नोट जारी कर पूर्व मंत्री ने कहा कि जनता ने प्रदेश सरकार की सुशासन नीतियों पर मुहर लगाकर भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ जिताया है। भारतीय जनता पार्टी के एक एक कार्यकर्ता जनता के प्रति आभारी है। सभी विजेता प्रत्याशी 16 फरवरी को जनता के बीच रैली निकालकर आशीर्वाद लेंगे।
बिलासपुर नगर निगम में भाजपा की बम्पर जीत पर पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने खुशी जाहिर किया है। उन्होने जीत पर बिलासपुर समेत प्रदेश की जनता को बधाई दी है। उन्होने कहा कि महापौर प्रत्याशी पूजा विधानी ने 66 हजार 71 वोट से जीत हासिल कर इतिहास रचा है। इसके अलावा रिकार्ड 49 पार्षदों को जनता ने भरपूर आशीर्वाद दिया है। अमर ने इस दौरान मेयर पूजा विधानी और सभी पार्षदों को बधाई दी है।
पूर्व मंत्री अग्रवाल ने कहा इस जीत का असली हकदार निगम की जनता है। उन्होने प्रदेश सरकार की रीति नीति और सुशासन पर विकास का मुहर लगाया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और संकल्प को प्रमाणित किया है। अमर ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन सरकार बनने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास होगा।
अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में भाजपा को मिली अपार सफलता से साफ हो गया है कि कि जनता विकास और सुशासन को प्राथमिकता दे रही है।
अग्रवाल ने आगे बताया कि बिलासपुर नगर निगम के 49 वार्डों में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता के लिए विजय जुलूस 16 फरवरी को महामाया चौक से रामसेतु चौक, देवकीनंदन चौक, सदर होते हुए गोल बाजार और गांधी चौक पर संपन्न होगा। इस दौरान सभी प्रत्याशी जनता से आशीर्वाद लेंगे।