बिलासपुर। शहर में महंगे नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सिरगिट्टी पुलिस ने तिफरा नया बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर काले रंग की सेल्टोस कार से कथित तौर पर ‘ओरिजनल गैंगस्टर ओजी’ लेकर जा रहे 32 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5.32 ग्राम मादक पदार्थ, करीब सात लाख रुपये कीमत की सेल्टोस कार और 50 हजार रुपये कीमत का एप्पल आईफोन-16 प्रो जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 7.65 लाख रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना.. तिफरा में घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति काले रंग की सेल्टोस कार क्रमांक सीजी-10 एएस -3131 से तिफरा नया बस स्टैंड क्षेत्र में महंगा नशीला पदार्थ लेकर पहुंचने वाला है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और तिफरा नया बस स्टैंड के आसपास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने कार को रोककर तलाशी ली। इसमें शोभित जजोदिया उर्फ अक्षत, उम्र 32 वर्ष, निवासी लिंक रोड, सुमंगलम अपार्टमेंट के पास, तारबहार के कब्जे से 5.32 ग्राम ‘ओरिजनल गैंगस्टर ओजी’ बरामद हुआ। इसके साथ ही नशीले पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सेल्टोस कार और एप्पल कंपनी का आईफोन-16 प्रो भी जब्त किया गया।

नशे के साथ कार और मोबाइल जब्त

सिरगिट्टी पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई है। कार्रवाई में करीब सात लाख रुपये कीमत की सेल्टोस कार और 50 हजार रुपये कीमत का आईफोन भी जब्त हुआ। पुलिस ने तीनों जब्त वस्तुओं की कुल कीमत करीब 7 लाख 65 हजार रुपये आंकी है।

मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ए) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

नशे की डिलीवरी से.. पहुंची पुलिस

इस कार्रवाई का अहम पहलू यह है कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उस समय पकड़ा, जब वह कथित तौर पर नशीला पदार्थ लेकर तिफरा क्षेत्र में पहुंचा था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से आया था और इसे किसे बेचने या पहुंचाने की तैयारी थी। हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी आकाश चौधरी के नेतृत्व में हुई। टीम में सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार गर्ग, प्रधान आरक्षक प्रभाकर सिंह, आरक्षक वीरेंद्र निषाद और संजय यादव शामिल रहे। एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपती और उनकी टीम ने भी संयुक्त कार्रवाई में सहयोग किया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बिलासपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।