DA Hike -मध्यप्रदेश में दिवाली से पहले राज्य सरकार ने पेंशनरों को राहत दी है। सरकार ने पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स की महंगाई राहत यानी डीआरए में बढ़ोतरी करने का आदेश जारी किया है। वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 1 जुलाई 2026 से महंगाई राहत की दरों में संशोधन किया गया है।

पेंशन पाने वाले पेंशनर्स की महंगाई राहत 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दी गई है। वहीं, सातवें वेतनमान के पेंशनर्स को अब 58 प्रतिशत के बजाय 60 प्रतिशत महंगाई राहत मिलेगी। यानी सातवें वेतनमान वाले पेंशनर्स की राहत में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।

वित्त विभाग के आदेश के अनुसार, बढ़ी हुई महंगाई राहत का लाभ 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा। इसका भुगतान जुलाई 2026 की पेंशन के लिए अगस्त 2026 में देय राशि के साथ किया जाएगा। इस फैसले का लाभ राज्य के पेंशनर्स के साथ परिवार पेंशनर्स को भी मिलेगा। इसके अलावा, 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनर्स को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन पर भी बढ़ी हुई महंगाई राहत का लाभ दिया जाएगा।

इससे पहले मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में भी 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का आदेश जारी किया है। इसके बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महंगाई भत्ता बढ़ाने के निर्देश दिए थे। वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

बात करें छत्तीसगढ़ की तो यहां भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीपावली के पावन पर्व से पहले प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने 7वें वेतनमान के तहत शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशनरों की महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है।

इसके तहत आगामी 1 नवंबर 2026 से महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी। वहीं, 6वें वेतनमान के तहत कर्मचारियों के डीए में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। सरकार ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार 7वें वेतनमान के तहत आने वाले सरकारी कर्मचारियों को अब 58 की जगह 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ते का भुगतान किया जाएगा।

जबकि 6वें वेतनमान के तहत आने वाले कर्मचारियों को 257 की जगह 262 प्रतिशत की दर से डीए का भुगतान किया जाएगा।

जारी आदेश में ये भी कहा गया है कि सरकारी कर्मचारियों को बढ़ा हुआ डीए नवंबर माह की सैलरी में भुगतान किया जाएगा, यानि कल दिवाली से पहले बढ़े हुआ महंगाई भत्ते के साथ वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा। बढ़े हुए डीए के साथ कर्मचारियों दिसंबर में मिलने वाली सैलरी में भुगतान किया जाएगा।