DA Hike/देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वन विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को बड़ी सौगात दी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य सरकार ने वन क्षेत्राधिकारियों, उप वन क्षेत्राधिकारियों, वन दरोगा, वन आरक्षी और जमादार के वर्दी भत्ते में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। अब तक 1500 रुपये मिलने वाला वर्दी भत्ता बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया गया है। प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए हैं। वर्ष 2011 के बाद यह पहली बार है जब वर्दी भत्ते में इतनी बड़ी वृद्धि की गई है।

DA Hike/नई व्यवस्था के अनुसार वन दरोगा, वन आरक्षी और जमादार को पहले की तरह तीन साल में एक बार वर्दी सिलकर दी जाएगी, पर अब वर्दी भत्ता 1500 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया गया है।

वहीं वर्दी धुलाई भत्ते में भी बड़ा बदलाव किया गया है—जो पहले 45 रुपये प्रतिमाह था, उसे बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। उप वन क्षेत्राधिकारी और वन क्षेत्राधिकारी के लिए वर्दी धुलाई भत्ता अब 100 रुपये प्रतिमाह होगा, जबकि दरोगा, वन आरक्षी और जमादार को पूर्व में मिलने वाले 30 रुपये की जगह अब 200 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।

वन विभाग के साथ-साथ सरकार ने सातवें पुनरीक्षित वेतनमान में वेतन प्राप्त कर रहे सार्वजनिक निकायों, उपक्रमों और स्वायत्तशासी संस्थाओं के हजारों कर्मचारियों का महंगाई भत्ता भी 3 फीसदी बढ़ा दिया है। इससे डीए 55 फीसदी से बढ़कर 58 फीसदी हो गया है।

DA Hike/यह नई दरें 1 जुलाई 2025 से लागू होंगी। डीए वृद्धि का लाभ राज्य कर्मकारों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थाओं, नगर व स्थानीय निकायों तथा पूर्णकालिक और अंशकालिक कर्मचारियों को भी मिलेगा।

सरकार के इन दो महत्वपूर्ण फैसलों से जहां वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी, वहीं विभिन्न विभागों में कार्यरत हजारों कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।