बिलासपुर।छत्तीसगढ़ बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक के सोनपुरी प्राइमरी स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक अभिमन्यु मस्काम को स्कूल से बिना बताए गायब रहने और शराब के नशे में आला अधिकारी के साथ अभद्रता के आरोप में डीईओ ने निलंबित कर दिया है। शिक्षक पर आरोप है, बीते 54 दिनों से बिना सूचना ड्यूटी से गायब थे।

डीईओ कार्यालय को मिली शिकायत और कोटा बीईओ की जांच रिपोर्ट के अनुसार शिक्षक 15 जुलाई से 6 सितंबर तक स्कूल से अनुपस्थित रहे।

7 सितंबर को वह बीईओ कार्यालय पहुंचे तब वह शराब के नशे में थे। घटना की सूचना थाना कोटा को भी दी गई थी। जांच प्रतिवेदन घटना के तीन-चार दिन बाद डीईओ कार्यालय भेजा गया।

रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने शिक्षक का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत मानते हुए निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में बीईओ ऑफिस तखतपुर अटैच कर दिया है।

बिल्हा ब्लॉक के पीएम श्री प्राथमिक शाला अचानकपुर के प्रधान पाठक के खिलाफ अनुशासनहीनता के आरोप में कार्रवाई की मांग की गई है। बिल्हा बीईओ भूपेंद्र कौशिक ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है।

बीईओ ने 17 सितंबर को शाला का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान केवल दो शिक्षक उपस्थित मिले, जबकि प्रधान पाठक अनुपस्थित थे।

जांच में सामने आया कि वे रोजाना दो से तीन घंटे शाला से बाहर रहते हैं और बच्चों को दोपहर 2:30 बजे ही छुट्टी दे देते हैं।

इससे पहले 25 अगस्त को संकुल प्राचार्य के निरीक्षण में भी प्रधान पाठक अनुपस्थित मिले थे। 1 सितंबर को उन्हें स्पष्टीकरण जारी कर चेतावनी दी गई थी।