रायपुर। छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यालयों के संचालन संबंधी समय-सारिणी में संशोधन किया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए संशोधित व्यवस्था के अनुसार स्कूलों में संचालन सुनिश्चित करने को कहा है।

18 जून 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा शैक्षणिक कैलेंडर 2026-27 के दिशा-निर्देशों में संशोधन किया गया है।

इसके तहत विद्यालय संचालन हेतु निर्धारित समय-सारिणी के पृष्ठ क्रमांक 13 में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिए आवश्यक बदलाव किए गए हैं।

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यालयों को संशोधित समय-सारिणी की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए और शैक्षणिक कैलेंडर तथा गतिविधि दिवसों के अनुसार शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।

पत्र में कहा गया है कि संशोधित समय-सारिणी को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, ताकि शिक्षण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित हो सके और विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों का पूरा लाभ मिल सके।