CG School। मुंगेली स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई और शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग लगातार निरीक्षण कर रहा है। इसी कड़ी में जिला शिक्षा अधिकारी एमएल पटेल के औचक निरीक्षण के दौरान स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था को लेकर लापरवाही सामने आई।

आरोप है कि कुछ कक्षाओं में बच्चे मौजूद थे, लेकिन शिक्षक पढ़ाने के बजाय स्टाफ रूम में बैठे बातचीत कर रहे थे। इस पर नाराजगी जताते हुए डीईओ ने संबंधित शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, डीईओ एमएल पटेल बीते दिनों जिले के स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लेने औचक निरीक्षण पर निकले थे।

इस दौरान वे मोहबंधा संकुल के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक शाला भारतपुर और माध्यमिक शाला भारतपुर पहुंचे। स्कूल परिसर में प्रवेश करने के बाद उन्होंने सबसे पहले कक्षाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुछ कक्षाओं में शिक्षक बच्चों को पढ़ाते नजर आए, जबकि अधिकांश कक्षाओं में बच्चे मौजूद होने के बावजूद शिक्षक दिखाई नहीं दिए।

इसके बाद डीईओ स्टाफ रूम पहुंचे, जहां कुछ शिक्षक बातचीत करते मिले। कक्षा में पढ़ाई के समय शिक्षकों के स्टाफ रूम में मौजूद रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई।

डीईओ ने कहा कि स्कूल का समय बच्चों की पढ़ाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी कक्षा में मौजूद रहकर विद्यार्थियों को पढ़ाना है। उन्होंने संबंधित शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने और स्कूल समय में नियमित रूप से कक्षाएं लेने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मिली स्थिति पर कार्रवाई करते हुए डीईओ ने कथित रूप से लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।