CG News: बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में शिक्षक दंपति के घर हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है।

मिली जानकारी मुताबिक चोर गिरोह की लीडर युवती समेत 9 आरोपियों को पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार नाबालिग शामिल है। युवती द्वारा ही चोरी की योजना बनाई जाती थी, फिर गिरोह द्वारा सुने घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था।

दरअसल, जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 9 सदस्यों के गिरोह को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है।

मीडिया रिपोर्ट अनुसार प्रार्थी तुलसी चरण जायसवाल (पिता योगेन्द्र नारायण उम्र 32 वर्ष निवासी-शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी) द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 17 से 20 अक्टूबर की रात अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया।

अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व चांदी के सिक्के कीमत 3,16,000 की चोरी कर ली गई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में धारा 331(4), 305,61(2) BNS एवं 75,78 जेजे एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारिकी से मुआयना करने के साथ-साथ आसपास के रास्तों के दर्जनों सीसीटीवी फुटेजों का बारीकी से जाँच की। इस दौरान वारदात में शामिल गिरोह का पर्दाफाश हुआ। पुलिस द्वारा की गई ताबड़तोड़ दबिश और पूछताछ के बाद इस प्रकरण में कुल 9 आरोपियों 1 महिला, 4 पुरुष और 4 बालकों को पकड़ा गया।

सभी आरोपियों को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की गई। चोरी की गुत्थी को सुलझाने के लिए थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम द्वारा सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर तंत्र मजबूत करने और अथक जाँच करने में उत्कृष्ट पेशेवर कुशलता का परिचय दिया।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षा के उपायों का ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना/चौकी अथवा दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर दें।