LIVE UPDATE
Chhattisgarh

Cg news: लिफ्ट देकर 1 लाख उड़ाने वाला शातिर उठाईगीर गिरफ्तार, CCTV से खुला राज

Cg news: रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ मदद के बहाने एक बुजुर्ग के जीवन भर की कमाई पर हाथ साफ कर दिया गया।

डीडी नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक ऐसे शातिर उठाईगीर को गिरफ्तार किया है, जिसने एक व्यक्ति को अपनी बाइक पर लिफ्ट दी और फिर मौका पाकर उनका रुपयों से भरा बैग लेकर चंपत हो गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई नकद राशि और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

मिली जानकारी मुताबिक घटना बीते रविवार, 11 जनवरी की है, जब पीड़ित राजाराम देवांगन अपनी भांजी के घर करन नगर से पैदल ही रायपुरा की ओर जा रहे थे।

रास्ते में उन्हें एक युवक मिला जिसने बड़ी ही शालीनता से उन्हें लिफ्ट देने की पेशकश की। राजाराम उस पर भरोसा कर उसकी बाइक पर बैठ गए। जैसे ही वे चंगोराभाठा स्थित डॉ. नीरज क्लिनिक के पीछे वाली गली में पहुँचे, शातिर युवक ने एक किराना दुकान के पास बाइक रोकी।

मिली जानकारी मुताबिक उसने राजाराम से कहा कि वह दुकान से गुटखा ले आए और पैसे देने के लिए कहा। बुजुर्ग राजाराम ने अपना बैग, जिसमें 1,00,000 रुपये नकद, जमीन के अहम दस्तावेज और दवाइयां थीं, बाइक पर ही छोड़ दिया और दुकान की ओर बढ़ गए। इसी पल का फायदा उठाकर आरोपी युवक बैग लेकर रफूचक्कर हो गया।

ठगी का अहसास होते ही राजाराम देवांगन ने डीडी नगर थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने इलाके में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध बाइक सवार की पहचान करने के साथ-साथ पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को न्यू चंगोराभाठा निवासी शंकर देवांगन की संलिप्तता का पता चला।

पुलिस ने घेराबंदी कर 30 वर्षीय आरोपी शंकर देवांगन को हिरासत में लिया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ी पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने के बाद उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चोरी किए गए एक लाख रुपये और वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त की है। आरोपी शंकर देवांगन झंडा चौक, न्यू चंगोराभाठा का निवासी है।

Back to top button
close