बेमेतरा। जिले के खम्हरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ठेकापुर में खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश को लेकर चार युवकों ने एक घर में घुसकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम ठेकापुर निवासी 30 वर्षीय देवेंद्र वर्मा 13 जनवरी की शाम करीब 7 बजे अपने घर पर थे।

इसी दौरान गांव के ही दो सगे भाई, डाकवार ठाकुर और राहुल ठाकुर, अपने दो अन्य साथियों के साथ जबरन देवेंद्र के घर में घुस आए। आरोपियों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने की नीयत से देवेंद्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए देवेंद्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में देवेंद्र के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी

घटना के बाद पीड़ित ने खम्हरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और दबिश देकर डाकवार ठाकुर (23 वर्ष) और राहुल ठाकुर (20 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों भाइयों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अपराध करना स्वीकार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

खम्हरिया पुलिस की इस टीम में एएसआई कृष्णा क्षत्रिय, अजय लहरे और बलदेव निषाद मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस ने बताया कि हमले में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।